संसद में हुई सुरक्षा चूक पर गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों में ही जबरदस्त हंगामा हुआ. इस दौरान हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित कर दी गई. वहीं, हंगामे के बाद राज्यसभा को भी 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया. जब 12 बजे राज्यसभा की कार्रवाई शुरू हुई तो टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को राज्यसभा से सस्पेंड कर दिया गया. विपक्ष बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा के खिलाफ एक्शन लेने की मांग कर रहा है.
संसद के शीतकालीन सत्र की आज की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के सीनियर मंत्रियों के साथ संसद परिसर में बैठक की. इस बैठक में अमित शाह, पीयूष गोयल, प्रह्लाद जोशी, अनुराग ठाकुर और जेपी नड्डा मौजूद रहे.
सांसदों के पास तक पहुंच गए थे आरोपी
दरअसल, संसद में शीतकालीन सत्र चल रहा है. इसके लिए तमाम सांसद सदन पहुंचे हुए हैं. इसी बीच कार्यवाही के दौरान बुधवार को विजिटर गैलरी से अचानक 2 युवक कूद गए और लोकसभा में सांसदों तक पहुंच गए. इतना ही नहीं दोनों स्पीकर की ओर बेंच पर चढ़कर दौड़ने लगे. इसके चलते सदन में अफरातफरी मच गई. हालांकि, समय रहते सुरक्षाकर्मियों ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया. इस दौरान युवकों ने स्प्रे का इस्तेमाल किया और नारेबाजी की. घटना के बाद लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया.