केरलम में 10 साल के बाद कांग्रेस के अगुवाई वाले यूडीएफ की सत्ता में वापसी हुई है. चुनाव नतीजे के दस दिन के बाद अब जाकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम को आखिरकार फाइनल कर लिया है. गुरुवार को केरलम में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में ऐलान कर दिया जाएगा, जिसे लेकर तिरुवनंतपुरम से दिल्ली तक सियासी हलचल तेज है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरलम के अगले मुख्यमंत्री के चयन को लेकर पार्टी की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्षों समेत कई नेताओं के साथ मंत्रणा की. इसके बाद बुधवार रात राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के साथ केरलम के मुद्दे पर चर्चा की थी. माना जा रहा है कि सोनिया को राहुल ने केरलम के संबंध में जानकारी दी.
सोनिया गांधी से मुलाकात के दूसरे दिन राहुल गांधी गुरुवार को सुबह-सुबह कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात किया. माना जा रहा है कि ये मुलाकात केरलम सीएम के मुद्दे पर रही है.
केरलम सीएम का कुछ देर में होगा ऐलान
केरलम विधानसभा चुनाव नतीजे आने के 10 दिन के बाद अब जाकर कांग्रेस ने नए सीएम के नाम का ऐलान करेगी. केरलम की प्रभारी दीपा दास मुंशी के साथ पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक केरलम के नए सीएम के नाम की घोषणा विधायक दल की बैठक में करेंगे. इस घोषणा को करने के लिए दिल्ली से पर्यवेक्षकों को केरलम भेजा गया है.
तिरुवनंतपुरम पहुंचने के बाद उन्हें इस फ़ैसले के बारे में सूचित किया जाएगा. अगले दो घंटे दावेदारों के लिए बेहद अहम हैं, क्योंकि पार्टी ने कल रात ही यह स्पष्ट कर दिया था कि फ़ैसला ले लिया गया है और इसकी घोषणा गुरुवार को की जाएगी.
केरलम सीएम तीन बड़े नेता दावेदार
दिल्ली में बुधवार को भी देर रात तक बैठकों का दौर चला. राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच करीब 40 मिनट तक केरलम के मुद्दे पर चर्चा हुई. इससे सीएम पद के तीनों दावेदारों वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला ने अलग-अलग मुलाकात कर अपनी दावेदारी मजबूती से रखी थी.
कहा जा रा है कि केसी वेणुगोपाल को बड़ी संख्या में विधायकों का समर्थन हासिल है.वे राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं और पार्टी संगठन पर उनकी मजबूत पकड़ है. वहीं, वीडी सतीशन को उस नेता के तौर पर देखा जा रहा है, जिन्होंने विपक्ष के नेता रहते हुए वाम मोर्चा सरकार के खिलाफ लगातार आक्रामक राजनीति की. दूसरी तरफ रमेश चेन्निथला अपने अनुभव, वरिष्ठता और स्वीकार्यता के आधार पर दावा पेश कर रहे हैं.
बंद लिफाफे में किसका नाम?
कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने पहले ही साफ कर दिया है कि हाईकमान चर्चा पूरी कर चुका है और गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा. माना जा रहा है कि तिरुवनंतपुरम में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 'सीलबंद लिफाफे' से नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है. अब देखना है कि कांग्रेस किसके के नाम का ऐलान करती है?