केंद्र सरकार ने खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) को आखिरकार मंजूरी दे ही दी. शुक्रवार को हुई सीसीपीए की बैठक में रिटेल और एविएशन के क्षेत्रों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मंजूरी दे दी गई.
विदेशी विमानन कम्पनियों को भी भारतीय विमानन कम्पनियों में 49 फीसदी तक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) करने की अनुमति मिल गई है. केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री आनंद शर्मा और सूचना प्रसारण मंत्री अम्बिका सोनी ने शुक्रवार को आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित कर सरकार के इस फैसले की जानकारी दी.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कैबिनेट की बैठक में कहा कि अब कड़े आर्थिक फैसले लेने का वक्त आ चुका है. उन्होंने कहा कि अगर हमें जाना भी पड़ा, तो हम लड़ते हुए जाएंगे. इसके बाद कैबिनेट ने लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़े रिटेल में 51 फीसदी एफडीआई के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी.
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को उड्डयन क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का दायरा बढ़ा दिया. विदेशी उड्डयन कंपनियों के सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है. ताजा फैसले के तहत विदेशी विमानन कम्पनियों को भी भारतीय विमानन कम्पनियों में 49 फीसदी तक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) करने की अनुमति मिल गई.
एफडीआई पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, 'बड़े आर्थिक सुधारों का वक्त आ गया है.' सरकार ने अपने फैसले में विरोधियों की राय को भी ध्यान में रखा है और राज्य सरकारों को अधिकार दिया है कि वे अपनी भूमि पर बहुब्रांड रिटेल को अनुमति देने के बारे में फैसला ले सकते हैं.
डीजल मूल्यवृद्धि व रियायती दर पर साल में मात्र 6 रसोई गैस सिलेंडर देने की केंद्र सरकार की नीति के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में सभी विपक्षी पार्टियों ने कांग्रेस को कोसते हुए रैलियां निकालीं और सड़कों को जाम किया.
ममता बनर्जी ने डीजल-गैस के दाम में बढो़तरी पर नाराजगी जताई है. ममता ने कहा कि महंगाई के बोझ तले दबी जनता पर एक और मार पड़ी है. उन्होंने कहा कि केंद्र के फैसले सें मैं हूं हैरान, केंद्र सरकार का फैसला आम लोगों के खिलाफ. ममता ने कहा केंद्र के फैसले से झटका लगा, लेकिन सरकार गिराने का सवाल ही नहीं है.
महंगाई की नई किस्त पर लालू प्रसाद ने कहा है कि कोर कमेटी में डीजल-गैस की कीमतों में बढोतरी की बात नहीं हुई थी.
डीएमके नेता करुणानिधि ने डीजल के दाम बढ़ाने की कड़ी आलोचना करते हुए कीमत बढोतरी वापस लेने की मांग की है. करुणानिधि ने कहा कि डीजल के दाम बढ़ने से हर चीज की बढ़ेगी कीमत, पहले से तेज महंगाई में लगेगी और आग.
दिग्विजय सिंह ने डीजल-गैस की कीमतों में बढो़तरी के मसले पर जनता के जख्मों पर नमक छिड़कते हुए कहा कि सरकार पेट्रोलियम पदार्थों को डी-रेग्यूलेट करे. दिग्विजय ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों पर सब्सिडी काफी ज्यादा बढ़ गई है, इसलिए किसानों और मध्यमवर्ग को दूसरे तरीकों से राहत दी जाए.
अरविंद केजरीवाल ने डीजल में बढ़ी कीमतों का विरोध किया है. केजरीवाल ने ट्विटर पर सवाल उठाए हैं कि कांग्रेस के नवीन जिंदल औऱ बीजेपी के करीबी अजय संचेती को मुफ्त में कोल ब्लॉक मिलना चाहिए या फिर गरीबों को सस्ते में गैस सिलिंडर. उन्होंने बीजेपी और ममता बनर्जी के विरोध पर भी सवाल उठाए. केजरीवाल ने पूछा है कि अगर इन दोनों का विरोध गंभीर है, तो वे अपने-अपने राज्यों में डीजल पर से टैक्स क्यों नहीं घटा लेते. केजरीवाल ने दावा किया कि अगर सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगा ले, तो तमाम नुकसान की भरपाई हो सकती है.
भारतीय क्रिकेट टीम ट्वेंटी-20 विश्व कप से पूर्व अपने पहले अभ्यास मैच में शनिवार को मेजबान श्रीलंका से भिड़ेगी. पी. सारा ओवल में खेले जाने वाले इस मुकाबले को भारतीय टीम हर हाल में जीतने की कोशिश करेगी.
कोयला ब्लॉक आवंटन में कथित अनियमितता का मामला न्यायिक जांच के दायरे में आ गया, जब उच्चतम न्यायालय ने केंद्र को यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया कि क्या निजी कंपनियों को प्राकृतिक संसाधनों का आवंटन करते समय दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया गया.
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ में भारी वर्षा के बाद शुक्रवार तड़के बादल फटने से कई गांवों में दर्जनों घर जमींदोज होने से 22 व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी और कई अन्य घायल हो गये.