दिल्ली के बीकानेर हाउस में प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. प्रदर्शनी शुरू होने से ठीक पहले बीकानेर हाउस प्रशासन ने कुछ तस्वीरों को हटाने का निर्देश दिया, जिसके बाद यह मामला गर्मा गया है. रेहान वाड्रा के अनुसार, प्रदर्शनी के आयोजन से मात्र कुछ घंटे पहले प्रशासन के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया और कुछ तस्वीरों को आपत्तिजनक बताते हुए हटाने को कहा. प्रशासन का तर्क था कि इन तस्वीरों को प्रदर्शित करने का समय और संदर्भ सही नहीं है, क्योंकि हाल के दिनों में दिल्ली में कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं. रेहान वाड्रा ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदर्शनी का लेआउट एक हफ्ते पहले ही भेज दिया था, लेकिन तब कोई आपत्ति नहीं जताई गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि हटाने के लिए कही गई तस्वीरों में तिरंगे से जुड़ी फोटो भी शामिल थी.