लद्दाख में पूर्ण राज्य और छठी अनुसूची में शामिल होने की मांग को लेकर हुई हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई है. इस दौरान 70 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें 40 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के दौरान यह बवाल भड़का था. सोनम वांगचुक ने कहा कि वे नहीं चाहते थे कि किसी की जान जाए या कोई घायल हो. हिंसा के बाद लेह और करगिल में धारा 144 लागू कर दी गई है और लेह-लद्दाख में कर्फ्यू है.