scorecardresearch
 

Birbhum Violence: हमें घर में बंद कर आग लगा दी है, जल्दी से पुलिस भेज दो... सुबह मिली दंपत्ति की जली लाश

Birbhum Violence: बीजेपी ने राज्य में हो रही राजनीतिक हिंसाओं को लेकर ममता सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और राष्ट्रपति शासन की मांग की है. वहीं इस मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. ममता सरकार ने SIT का गठन कर 72 घंटे में जांच की रिपोर्ट मांगी है.

Advertisement
X
रामपुरहाट हत्याकांड में मारे गए नव दंपति
रामपुरहाट हत्याकांड में मारे गए नव दंपति
स्टोरी हाइलाइट्स
  • बीरभूम हिंसा के बाद से बंगाल में तनाव है
  • बीजेपी लगातार ममता सरकार का घेराव कर रही है

पश्चिम बंगाल के बीरभूम में टीएमसी नेता की हत्या के बाद हिंसा फैल गई. आरोप है कि यहां गुस्साई भीड़ ने करीब एक दर्जन घरों को आग के हवाले कर दिया. 8 लोगों की जलकर मौत हो गई. मरने वालों में 3 महिलाएं और 2 बच्चे भी शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि वो मामले की जांच में जुटी हुई है, हालांकि अभी तक मामले में 22 लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. इसी बीच इसी घटना से जुड़ी एक दर्दनाक कहानी सामने आ रही है. 

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के बीरभूम हत्याकांड में मारे गए लोगों में एक नव दंपति भी शामिल है. जानकारी के मुताबिक शबे बारात की खुशी में लिली खातून अपने पति काजी साजीदुर के साथ बगतुई गांव में अपने मायके आई थी. सोमवार रात 12 बजे साजीदुर का अपने दोस्त काजी माहिम के पास थरथराती आवाज में फोन आया.

साजीदुर ने फोन पर कहा कि हमें एक घर में घुसाकर आग लगा दी गई है. किसी तरह पुलिस को भेजने का बंदोबस्त कर. माहिम ने तुरंत यह बात उसके पिता को बताई. लेकिन इसके बाद साजीदुर से संपर्क की कोशिशें व्यर्थ साबित हुईं. जिसके बाद मंगलवार सुबह दोनों की जली हुई लाश मिली.

इसके बाद से ही साजीदुर के घर नानुर में शोक की लहर दौड़ गई. बीरभूम के नानूर के रहनेवाले साजीदुर की शादी बगतूई गांव के मिजारूल शेख की लड़की लिली खातून से इसी साल जनवरी महीने में हुई थी. सोमवार दोपहर लिली अपने पति को लेकर अपने मायके बागतुई गांव में आई थी. दोपहर तक सब ठीक था. लेकिन रात 12 बजे काजी माहिम के पास साज़ीदुर के फोन आने के बाद से नानूर में उथल पुथल मच गई. और दोनों ही परिवारों में मातम पसर गया है.

तेज धमाके... फिर लग गई आग!

रामपुरहाट के बोगतुई गांव के लोग सोमवार रात बम की आवाज से चौंक कर उठे तो उन्होंने देखा कि कई घर आग की चपेट में आ गए हैं. इसके बाद लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया. साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया. लेकिन तब तक आग कई घरों को अपनी चपेट में ले चुकी थी. पुलिस ने जले हुए एक घर से 7 शवों को बाहर निकाला. इसमें दो बच्चे भी शामिल थे. वहीं, इसके बाद 1 मौत अस्पताल में हो गई.

Advertisement

वारदात को अंजाम देने वालों को जनता माफ ना करे: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने भी बंगाल में घटित हुई घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. बुधवार को उन्होंने कहा है कि मैं पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुई हिंसक वारदात पर दुख व्यक्त करता हूं, अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं. मैं आशा करता हूं कि राज्य सरकार, बंगाल की महान धरती पर ऐसा जघन्य पाप करने वालों को जरूर सजा दिलवाएगी.

पीएम ने कहा कि मैं बंगाल के लोगों से भी आग्रह करूंगा कि ऐसी वारदात को अंजाम देने वालों को, ऐसे अपराधियों का हौसला बढ़ाने वालों को कभी माफ न करें. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से मैं राज्य को इस बात के लिए आश्वस्त करता हूं कि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलवाने में जो भी मदद वो चाहेगी, उसे मुहैया कराई जाएगी.

 

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement