पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, विदर्भ, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में जबरदस्त गर्मी की शुरुआत हो गई है. इन इलाकों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री के बीच बना हुआ है. वहीं, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणी की बात करें तो उत्तर भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है. मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आने वाले अगले दो दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया जाएगा. हालांकि, इस गर्मी के बीच मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश की भी बात कही है.
दिल्ली के मौसम का हाल
देश की राजधानी नई दिल्ली में आज यानी 15 मार्च को न्यूनतम तापमान 18 और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं, दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं. मौसम विभाग की मानें तो 17 से 20 मार्च तक दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. बारिश के साथ ही दिल्ली के तापमान में मामूली गिरावट भी दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली में कितना रहेगा तापमान?

उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बात करें तो आज यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं, लखनऊ में आज आसमान साफ रहने के आसार हैं. हालांकि, 16 मार्च को लखनऊ में हल्के बादल छाए रह सकते हैं. 17 से 20 मार्च तक लखनऊ में भी बारिश देखने को मिल सकती हैं. गाजियाबाद की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. वहीं , दिन के वक्त आसमान साफ रहेगा. हालांकि, दोपहर के बाद आंशिक तौर पर बादल छा सकते हैं.
बारिश पर क्या है अपडेट?
मौसम विभाग के मुताबिक, 16 से 18 मार्च के बीच तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और झारखंड में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
वहीं, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 17 और 18 मार्च को बारिश का पूर्वानुमान है. इसके अलावा मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय पर एक या दो मध्यम बारिश और हिमपात के साथ हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है.