scorecardresearch
 

तमिलनाडु: MDMK प्रमुख के घर पहुंचे विजय, मुख्यमंत्री को देखकर भावुक हुईं महिलाएं, उतारी नजर

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को एमडीएमके प्रमुख वाइको के आवास पर शिष्टाचार भेंट करने पहुंचे. इस मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया जब वाइको ने बताया कि उनके घर के काम करने वालों ने भी विजय की पार्टी टीवीके को ही वोट दिया है. ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
MDMK प्रमुख के घर पहुंचे सीएम विजय. (photo: ITG)
MDMK प्रमुख के घर पहुंचे सीएम विजय. (photo: ITG)

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को चेन्नई में एमडीएमके नेता वाइको के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने वैय्यापुरी गोपालसामी से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान वाइको ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके घर के घरेलू सहायकों ने टीवीके को वोट दिया था. ये सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे. इसके बाद विजय ने वहां मौजूद स्टाफ के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. इसी दौरान विजय ने वाइको के राजनीतिक अनुभव और भाषण शैली की भी जमकर तारीफ की, लेकिन वाइको के घर में काम करने वाले कर्मचारियों का उत्साह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.

मुलाकात के दौरान वाइको के परिवार ने अपने घरेलू स्टाफ का परिचय मुख्यमंत्री से कराया. वहां मौजूद तीन महिला कर्मचारी विजय को सामने देखकर अपनी खुशी नहीं रोक पाईं. उनके लिए ये पल किसी सपने से कम नहीं था. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कर्मचारी मुख्यमंत्री विजय को देखकर बेहद उत्साहित थे और उनमें से एक ने आदर स्वरूप उनके पैर भी छुए और नजर भी उतारी. विजय ने भी गर्मजोशी से उनका अभिवादन किया और उनके साथ फोटो खिंचवाई. 

 

मुलाकात के दौरान वाइको ने मुस्कुराते हुए विजय को बताया कि हमारे घर की घरेलू सहायिकाओं ने टीवीके को वोट दिया. जिससे बातचीत के दौरान दोनों के चेहरे पर मुस्कान और हंसी आ जाती है.

'मैं आपका बड़ा फैन हूं'

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने वाइको की 'भाषण शैली' और राजनीतिक समझदारी' की जमकर तारीफ की,  उन्होंने कहा कि वह वाइको के 'बड़े फैन' हैं और अपनी पहली राजनीतिक रैली (विक्रवंडी) की तैयारी के लिए उन्होंने वाइको के भाषणों को बार-बार सुना था.

Advertisement

वाइको ने भी बाद में विजय की इस मुलाकात को  उदारता का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि नए मुख्यमंत्री राज्य में बेहतर और स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध नजर आ रहे हैं.

बता दें कि मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद विजय लगातार वरिष्ठ नेताओं से मिल रहे हैं. इससे पहले उन्होंने एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन से भी मुलाकात की थी. वाइको ने भी विजय की इस पहल को 'राजनीतिक परिपक्वता' करार दिया और सामाजिक न्याय व सुशासन के कार्यों में समर्थन का भरोसा दिया.

बदल रही तमिलनाडु की राजनीति

वरिष्ठ पत्रकार मालिनी पार्थसारथी ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि,  विजय की ये शिष्टाचार मुलाकातें राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत हैं. उनका मानना है कि इससे कड़वाहट कम होगी और राजनीति में एक शालीन संस्कृति आएगी. उन्होंने ये भी लिखा कि विजय का उदय एक बड़े राजनीतिक बदलाव को दर्शाता है. इसी वजह से पुराने और अनुभवी नेता भी उनके प्रति उदार व्यवहार दिखा रहे हैं. यह एक अभिनेता के राजनेता बनने, चुनाव जीतने और आज मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचने की एक अद्भुत कहानी है.

कांग्रेस सांसद, मणिकम टैगोर का कहना है कि 'घर के कर्मचारियों और आम परिवारों के बीच यह वोटिंग पैटर्न दिखाता है कि TVK पारंपरिक पार्टी सीमाओं से परे जाकर लोगों के दिलों में जगह बना रही है.'

Advertisement

मुख्यमंत्री विजय की ये मुलाकातें राज्य की राजनीति में एक नई और कम कड़वाहट वाले कार्यकाल की शुरुआत मानी जा रही हैं.

TVK ने जीतीं 108 सीटें

आपको बता दें कि चुनाव में शानदार जीत के बाद विजय ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. हाल ही में संपन्न हुआ तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी ने 108 सीटें जीतकर और 35% वोट शेयर हासिल कर सबको चौंका दिया है. जबकि डीएमके को लगभग 25 प्रतिशत वोट मिले, जबकि एआईएडीएमके का प्रदर्शन और भी खराब रहा और उसे 22 प्रतिशत से भी कम वोट मिले हैं. हालांकि, कांग्रेस, वीसीके, वाम मोर्चा और आईयूएमएल ने टीवीके को समर्थन दे दिया है, जिससे गठबंधन की सीटों की संख्या 120 हो गई.

---- समाप्त ----
Written by- शिवांशी शुक्ला
Live TV

Advertisement
Advertisement