गर्मी की छुट्टियों में माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तरी रेलवे के जम्मू मंडल ने कोलकाता-जम्मू तवी-कोलकाता एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाने का फैसला किया है. यह व्यवस्था 25 अप्रैल से 2 जुलाई तक रहेगी.
रेलवे अधिकारी ने बताया कि गर्मियों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. खासकर वैष्णो देवी यात्रा पर जाने वाले लोगों की भीड़ ज्यादा होती है. ऐसे में ट्रेन में जगह कम पड़ जाती है और वेटिंग लिस्ट बहुत लंबी हो जाती है. अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ने से वेटिंग वाले यात्रियों को कंफर्म न्फर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. साथ ही ट्रेन में भीड़-भाड़ कम होगी, जिससे यात्रा सुरक्षित और आरामदायक हो सकेगी.
रेलवे अधिकारी के मुताबिक, इस अतिरिक्त कोच से रोजाना लगभग 72 से 80 वेटिंग यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिल सकेगी. इससे आखिरी समय में टिकट कैंसिल होने की समस्या भी कम होगी.सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर उचित सिंघल ने कहा कि वेटिंग लिस्ट पर लगातार नजर रखी जा रही है. जरूरत पड़ने पर और भी कदम उठाए जाएंगे.
उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी बर्थ का लेटेस्ट अपडेट चेक करते रहें. यात्री आधिकारिक रेलवे वेबसाइट पर या हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन करके अपनी टिकट का स्टेटस जान सकते हैं.
बता दें कि सामान्य दिनों में कोलकाता-जम्मू एक्सप्रेस में सीटें पर्याप्त रहती हैं, लेकिन गर्मी की छुट्टियों और वैष्णो देवी यात्रा के सीजन में यात्री संख्या अचानक बढ़ जाती है. जम्मू मंडल ने इस बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया ताकि यात्रियों को परेशानी न हो.