scorecardresearch
 

नए CBI डायरेक्टर की चयन प्रक्रिया पर राहुल गांधी का ऐतराज, बोले- विपक्ष का नेता रबर स्टैंप नहीं

पीएम मोदी, सीजेआई सूर्यकांत और एलओपी राहुल गांधी की मौजूदगी में मंगलवार को सीबीआई के नए डायरेक्टर के नाम पर चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने चयन प्रक्रिया पर असहमति जताते हुए नोट ऑफ डिसेंट सौंपा.

Advertisement
X
राहुल गांधी ने नए सीबीआई डायरेक्टर के चयन के लिए पीएम आवास पर हुई बैठक में नोट ऑफ डिसेंट सौंपा. (Photo: PTI)
राहुल गांधी ने नए सीबीआई डायरेक्टर के चयन के लिए पीएम आवास पर हुई बैठक में नोट ऑफ डिसेंट सौंपा. (Photo: PTI)

सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) के नए डायरेक्टर की नियुक्ति को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास '7 लोक कल्याण मार्ग' पर सेलेक्शन कमेटी की बैठक हुई. इस कमेटी में प्रधानमंत्री, भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष शामिल होते हैं. पीएम मोदी, सीजेआई सूर्यकांत और एलओपी राहुल गांधी की कमेटी ने नए सीबीआई डायरेक्टर के नाम पर चर्चा की.

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने चयन प्रक्रिया को लेकर अपनी असहमति जताई. बैठक समाप्त होने के बाद उन्होंने अपना असहमति पत्र (Note of Dissent) भी सौंपा. राहुल गांधी ने अपने 'X' हैंडल से किए एक पोस्ट में​ लिखा, 'मैंने सीबीआई निदेशक चयन प्रक्रिया पर अपनी असहमति दर्ज कराते हुए प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है. मैं किसी पक्षपातपूर्ण प्रक्रिया में भाग लेकर अपने संवैधानिक कर्तव्य का उल्लंघन नहीं कर सकता. विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैंप नहीं है.'

सीबीआई डायरेक्टर की रेस में ये नाम आगे

सीबीआई के नए डायरेक्टर के लिए करीब 6 सीनियर आईपीएस अफसरों के नामों पर विचार किया जा रहा है. वर्तमान सीबीआई डायरेक्टर प्रवीण सूद का कार्यकाल 25 मई 2026 को समाप्त हो रहा है. केंद्र सरकार ने उन्हें 2025 में एक साल का एक्सटेंशन दिया था. सीबीआई डायरेक्टर बनने की रेस में हरियाणा कैडर के 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत सिंह कपूर सबसे आगे बताए जा रहे हैं. वह हरियाणा के डीजीपी रह चुके हैं और वर्तमान में इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के डायरेक्टर के पद पर हैं.

Advertisement

उनके अलावा, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के वर्तमान प्रमुख पराग जैन का नाम भी चर्चा में है. वह 1989 बैच के पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. मध्य प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार शर्मा भी नए सीबीआई डायरेक्टर के संभावित दावेदारों में शामिल हैं. वर्तमान में वह मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन हैं. इससे पहले वह आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के डीजी और इंदौर जोन के एडीजी जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं. 

महाराष्ट्र के वर्तमान डीजीपी और 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी सदानंद वसंत दाते भी सीबीआई डायरेक्टर की रेस में शामिल हैं. दाते इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के प्रमुख रह चुके हैं और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान उनके काम की काफी सराहना हुई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement