उत्तर प्रदेश स्थित सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चल रहे मानहानि मामले में सोमवार को सुनवाई हुई. यह मामला 8 साल पहले कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान गृहमंत्री अमित शाह को लेकर राहुल गांधी की कथित विवादित टिप्पणी से जुड़ा है. टिप्पणी से आहत होकर बीजेपी नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया था.
जानकारी के मुताबिक, वादी भाजपा नेता विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष पाण्डेय कोर्ट के पुराने आदेश के खिलाफ ऊपरी अदालत में रिवीजन याचिका दाखिल करेंगे. अधिवक्ता संतोष पाण्डेय ने आदेश आने के दौरान ही कहा था कि आदेश का अध्ययन करने के बाद सेशन कोर्ट में रिवीजन याचिका दाखिल की जाएगी.
बता दें, पिछली सुनवाई में कोर्ट ने राहुल गांधी की आवाज का नमूना जांच के लिए देने की मांग खारिज कर दी थी. कोर्ट ने बीजेपी नेता विजय मिश्रा के वकील को अंतिम मौका दिया है.
कई साल पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी पर अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा था, जिसके बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ. अब इस मामले में अगली सुनवाई 21 मई को होनी है. इस मामले में राहुल गांधी पहले से ही जमानत पर हैं.
थलपति विजय के समारोह में शामिल हुए थे राहुल गांधी
तमिल सुपरस्टार थलपति विजय अब जनता के नायक बन चुके हैं. 10 मई को थलपति विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. शपथ समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए थे. इस दौरान विजय और राहुल गांधी ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं. कार्यक्रम में दोनों की अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली. राहुल गांधी ने भी इंस्टाग्राम पर विजय के साथ तस्वीरें शेयर कर उन्हें मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी.