Modi's France visit प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के पहले चरण में फ्रांस के नीस शहर पहुंचे. उन्होंने कहा कि इस दौरे में अहम साझेदारों के साथ भारत के रिश्तों को मजबूत करने के मकसद से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकें होंगी.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में PM मोदी ने कहा कि वह 14 जून को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलने और 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन करने को लेकर उत्साहित हैं. स्लोवाकिया जाने से पहले उनके फ्रांस दौरे में एवियन और पेरिस में भी कई कार्यक्रम शामिल होंगे.
नीस (Nice) में 'भारत इनोवेट्स' (Bharat Innovates) शिखर सम्मेलन के उद्घाटन से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत, फ्रांस और अन्य देशों के चुनिंदा निवेशकों और वेंचर कैपिटल लीडर्स के साथ बातचीत की.
पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों संयुक्त रूप से इस इनोवेशन-केंद्रित कार्यक्रम की शुरुआत की. यह आयोजन नए अवसरों, निवेश और इनोवेशन पार्टनरशिप को तलाशने के लिए प्रमुख स्टार्टअप्स, निवेशकों और टेक्नोलॉजी से जुड़े दिग्गजों को एक साथ लाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच फ्रांस के नीस में द्विपक्षीय बैठक चल रही है.
PM मोदी ने कहा, हम पार्टनरशिप चाहते हैं, जॉइंट रिसर्च चाहते हैं और इसके साथ लॉन्ग-टर्म कोलैबोरेशन चाहते हैं. मैं हर इन्वेस्टर और एंटरप्रेन्योर को इनवाइट करता हूं, आप भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए. भारत में डिजाइन कीजिए, भारत में डेवलप कीजिए और दुनिया के लिए सॉल्यूशंस तैयार कीजिए.
फ्रांस में 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, यह 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' नहीं रुकेगी. यह जारी रहेगी, स्टार्टअप्स की संख्या भी बढ़ेगी.
फ्रांस में 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम में PM मोदी ने कहा, भारत और फ्रांस के बीच एक खास साझेदारी है, इसमें जुड़ाव, पक्का इरादा, इनोवेशन, प्रेरणा और साझा विजन शामिल हैं. भारत के युवा इनोवेटर्स ऐसे समाधान खोज रहे हैं जिनसे पूरी मानवता को फ़ायदा हो सकता है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में भारत ने न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में भी महत्वपूर्ण सुधार किए हैं. स्वच्छ ऊर्जा, एडवांस्ड रिएक्टर्स और फ्रंटियर रिसर्च जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएं खुल रही हैं. उन्होंने कहा कि ये सुधार भारत को भविष्य की तकनीकों और ऊर्जा समाधानों में नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रयासों का परिणाम यह है कि आज भारत में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. “ड्रोन दीदी” से लेकर स्टार्टअप फाउंडर बनने तक, देश की महिला शक्ति नई सफलता की कहानियां लिख रही है.
PM मोदी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को आगे बढ़ाने के लिए भारत ने डिफेंस सेक्टर को भी इनोवेशन के लिए खोला है. आज रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों स्टार्टअप देश में शानदार काम कर रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, इनोवेशन की महानता केवल उसके वैल्यूएशन से नहीं आंकी जाती, बल्कि उसके मानव जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव से तय होती है. यही “भारत इनोवेट” की भावना है और यही भारत का दृष्टिकोण भी है. यहां मौजूद स्टार्टअप जगत के सभी साथियों के लिए यह एक बड़ी प्रेरणा है.
'भारत इनोवेट्स' (Bharat Innovates) कार्यक्रम में बोलते हुए, पीएम मोदी ने भारत-फ्रांस साझेदारी की सराहना की और कहा कि दोनों देश साझा मूल्यों और हितों से जुड़े हुए हैं.