
ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जंग का असर अब सीधे-सीधे भारत पर पड़ता नजर आ रहा है. सुबह-सुबह भारतीयों को बड़ा झटका लगा है. दरअसल पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं. पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन-तीन रुपए की बढ़ोतरी हो गई है.
दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है, वहीं डीजल की कीमत अब 99.67 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है. मिडिल-ईस्ट जंग की शुरुआत के बाद से ये पहली बार है जब भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है.
बता दें कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से फ्यूल बचाने की अपील की थी. उन्होंने वर्क फ्रॉम करने और निजी वाहनों के कम इस्तेमाल पर जोर दिया था. तभी से ऐसे संकेत मिल रहे थे कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है.
कहां कितना महंगा हुआ पेट्रोल?
पेट्रोल और डीजल के नए दाम शुक्रवार (15 मई 2026) से लागू हो गए हैं. जहां दिल्ली में पेट्रोल 3 रुपये महंगा होकर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया है, तो कोलकाता में ये 108.74 रुपये (3.29 रुपये महंगा), मुंबई में 106.68 रुपये (3.14 रुपए महंगा) और चेन्नई में 103.67 रुपये (2.83 रुपए) प्रति लीटर की दर से बिक रहा है.

डीजल के दाम भी बढ़े
महानगरों में ईंधन की कीमतों में करीब 2.80 रुपये से लेकर 3.30 रुपये तक का इजाफा देखा गया है. दिल्ली में अब डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर मिलेगा. वहीं, कोलकाता में इसके दाम 95.13 रुपये, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं.
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर बोले दिलीप घोष
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने एएनआई से कहा, 'पिछले 3 साल से दुनिया में जंग चल रही है. इसकी वजह से दूसरे देशों में कई तरह के संकट पैदा हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने हमारा कुछ नहीं बिगड़ने दिया. सिर्फ गैस के दाम बढ़े हैं. कम से कम दाम तो कम से कम बढ़ाए हैं.'
यह भी पढ़ें: 15 रुपये तक बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम? अफवाहों का बाजार गरम, 8 राज्यों के 16 शहरों से ग्राउंड रिपोर्ट
बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज लगी पाबंदियों की वजह से कच्चे तेल के आयात-निर्यात पर भारी असर हुआ है. ऐसे में जगह-जगह तेल की किल्लत होने के संकेत हैं. इसी के मद्देनजर सरकार लगातार तेल का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल न करने की सलाह दे रही है.