scorecardresearch
 

'आप काले झंडे दिखाओ-पीले दिखाओ सदन को क्या...', DMK सांसद से क्यों बोले स्पीकर ओम बिरला

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन बिल पर विपक्ष ने जोरदार विरोध जताया. डीएमके सांसद टीआर बालू ने बिल को सैंडविच बिल बताया और काले झंडे दिखाए. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी बिल की प्रति जलाई और राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की.

Advertisement
X
डीएमके सांसद टीआर बालू से स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप सदन में बिल पर बात कीजिए
डीएमके सांसद टीआर बालू से स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप सदन में बिल पर बात कीजिए

सदन में गुरुवार को विशेष सत्र में परिसीमन बिल पर चर्चा शुरू हुई. इसे जैसे ही सदन में पटल पर रखा गया तुरंत ही हंगामा हो गया. विपक्ष ने इसे संविधान विरोधी बताया और एक-एक करके इस पर आपत्ति दर्ज जताई. इसी कड़ी में डीएमके सांसद टी आर बालू ने भी तीनों बिलों का विरोध किया. उन्होंने इन बिलों को सैंडविच बिल भी बता दिया.

डीएमके सांसद टीआर बालू ने सदन में पेश तीनों बिलों का विरोध किया. उन्होंने कहा कि ये तीनों बिल ही सैंडविच बिल हैं, हम विरोध करते हैं. क्योंकि ये आपस में इंटरलिंक हैं. हमारी पार्टी इसका विरोध करती है. हमने काले झंडे दिखाए. इस पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप चाहे पीले झंडे दिखाओ या काले दिखाओ. इससे सदन को कोई फर्क नहीं पड़ता.

परिसीमन बिल पर विरोध में है डीएमके
असल में डीएमके परिसीमन बिल को लेकर पहले से ही विरोध में है. गुरुवार को संसद सत्र शुरू होने से पहले ही डीएमके ने विरोध का बिगुल फूंका था. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने गुरुवार को केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित परिसीमन के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है. इस दौरान उन्होंने बिल की एक प्रति भी जलाई और काला झंडा लहराया.

Advertisement

स्टालिन ने चेतावनी दी कि तमिलनाडु इस 'फासीवादी' कदम को बर्दाश्त नहीं करेगा और ये आंदोलन पूरे 'द्रविड़ क्षेत्र' में फैलेगा. स्टालिन ने नामक्कल में चुनाव प्रचार के दौरान यह प्रदर्शन किया. उन्होंने विधेयक की प्रति जलाते हुए कहा, 'मैं इस विधेयक की प्रति जलाकर एक और आग लगा रहा हूं जो तमिलों को अपने ही देश में शरणार्थी बना देगी. ये आग पूरे द्रविड़ जमीन में फैलेगी और बीजेपी के घमंड को कुचल देगी.'

स्टालिन ने जलाई बिल की कॉपी
स्टालिन ने एक्स पर पोस्ट साझा कर राज्य के सभी लोगों से इस प्रस्तावित परिसीमन का जोरदार विरोध करने की अपील की है. उन्होंने लिखा, परिसीमन पर पूरे तमिलनाडु में विरोध की आग फैल जाए, ताकि बीजेपी का अहंकार चूर-चूर हो जाए. डीएमके प्रमुख ने ऐतिहसिक हिंदी विरोधी आंदोलनों का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे तब दिल्ली को झुकना पड़ा था, अब भी ऐसा ही होगा.

उन्होंने दावा किया कि परिसीमन का ये प्रस्ताव तमिलों को उनके अपने ही देश में राजनीतिक रूप से हाशिए पर धकेल देगा और उनकी आवाज को दबा देगा. आज, मैंने इस काले कानून की प्रति जलाकर और इस काले कानून के खिलाफ काला झंडा दिखाकर उस आग को फिर से प्रज्वलित कर दिया है जो तमिलों को हमारी ही धरती पर शरणार्थी बनाना चाहता है.

टीआर बालू सदन में इसी विरोध के बाबत बात कर रहे थे. उन्होंने जैसे ही बिल के विरोध में काले झंडे का जिक्र किया तो स्पीकर ने कहा कि आप काले झंडे दिखाओ, पीले दिखाओ इससे सदन को क्या. सदन मे परिसीमन बिल पर चर्चा जारी है और विपक्ष इस पर विरोध कर रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement