BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को राज्यसभा के अन्य नवनिर्वाचित सांसदों के साथ शपथ ग्रहण की. संसद भवन पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले लोकतंत्र के मंदिर की सीढ़ियों पर माथा टेक कर प्रणाम किया. नवीन ने सदन में हिंदी में पद और गोपनीयता की शपथ ली, जिस दौरान सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया. शपथ ग्रहण के बाद राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने नवीन समेत असम, बिहार, हरियाणा, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा और महाराष्ट्र से चुनकर आए सभी नए सांसदों को बधाई दी.
बिहार से एनडीए (NDA) के चार प्रमुख चेहरों ने शपथ ली, जिनमें नितिन नवीन के साथ जेडीयू के राम नाथ ठाकुर, आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी के शिवेश कुमार शामिल रहे. असम से टेराश गोवाला, जोगेन मोहन और प्रमोद बोरो ने राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभाली. सभापति ने सभी सदस्यों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई.
इन सदस्यों ने भी ली शपथ
हरियाणा से कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध और बीजेपी के संजय भाटिया ने शपथ ली, जबकि हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के अनुराग शर्मा सदन का हिस्सा बने. छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व अब लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम करेंगी.
इसके अलावा महाराष्ट्र से विनोद श्रीधर तावडे और ओडिशा से सुजीत कुमार ने भी शपथ ग्रहण की. शपथ ग्रहण के बाद सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को बधाई दी.
तेलंगाना से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी ने शपथ ली. सदन में नई नियुक्तियों से विधायी कार्यों और राजनीतिक चर्चाओं में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है. नितिन नवीन ने शपथ के बाद अपनी खुशी जाहिर की और राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.