इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए संयुक्त सैन्य हमले के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इस हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर के बाद दुनियाभर में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं.
हमले के चलते हवाई यातायात पर काफी असर हुआ है. शनिवार को भी 410 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. मिडिल ईस्ट में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं, जो एयरस्पेस बंद होने के कारण फंस गए हैं.
क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात को देखते हुए एअर इंडिया ने भी अपनी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अतिरिक्त कटौती करने का फैसला लिया है.
दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 फ्लाइट्स रद्द
ईरान और मध्य-पूर्व के कुछ हिस्सों के ऊपर हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर भी असर देखने को मिला है. अब तक कुल 100 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें 60 प्रस्थान (डिपार्चर) और 40 आगमन (अराइवल) की उड़ानें शामिल हैं.
यात्रियों के लिए जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि मध्य-पूर्व में बदलते राजनीतिक हालात के चलते पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है.
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें.
इंडिगो ने भी यात्रियों को जानकारी दी है कि मौजूदा हालात को देखते हुए, मध्य पूर्व के हवाई क्षेत्र से होकर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रोक को अब 2 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है.
रद्द की गई उड़ानों की पूरी लिस्ट देखने के लिए यात्री वेबसाइट goindigo.in/information/flight-cancellations.html पर जा सकते हैं.