scorecardresearch
 

बजट सत्र बढ़ाने पर नड्डा बोले- निर्णय सरकार लेगी, ढंग से लेगी, खड़गे का पलटवार- दबंगई नहीं सहेंगे

संसद का बजट सत्र आज के बाद भी चलेगा, या कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी. इसे लेकर संशय खत्म हो गया है. सरकार ने साफ किया है कि दो-तीन हफ्ते बाद सदन की बैठक फिर से बुलाई जाएगी.

Advertisement
X
राज्यसभा में नेता सदन और विपक्ष के नेता में हुई तीखी तकरार (Photo: ITG)
राज्यसभा में नेता सदन और विपक्ष के नेता में हुई तीखी तकरार (Photo: ITG)

संसद के चालू बजट सत्र की कार्यवाही अनिश्चतकाल के लिए स्थगित होगी या एक निश्चित ब्रेक के बाद फिर से चलेगी, इसे लेकर अब स्थिति साफ हो गई है. सरकार की ओर से संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में कहा है कि दो-तीन हफ्ते बाद फिर से बैठक बुलाई जाएगी. उन्होंने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि हम निश्चित उद्देश्य के लिए फिर से बैठक बुलाएंगे, जिसकी जानकारी विपक्षी दलों को भी दी गई है. इस दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता सदन जेपी नड्डा के बीच तीखी तकरार भी देखने को मिली.

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहले हम आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) बिल लेंगे. इसके बाद जन विश्वास बिल लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद हम सदन की कार्यवाही एक निश्चित उद्देश्य के लिए दो-तीन हफ्ते के लिए स्थगित करने की गुजारिश करेंगे. एक निश्चित समय के लिए निश्चित उद्देश्य के लिए कार्यवाही चलाएंगे, जिसकी चर्चा आप सबके साथ हमने की है. रिजिजू के जवाब पर जयराम रमेश ने कहा कि जिस निश्चित उद्देश्य की बात मंत्री जी कर रहे हैं, उस पर चुनाव के बाद सर्वदलीय बैठक बुलाएं.

उन्होंने ये मांग करते हुए कहा कि इसके बाद ही वह बिल लाएं. जयराम रमेश ने कहा कि अगर बीच में करते हैं, तो यह आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन होगा. इसके बाद किरेन रिजिजू ने कहा कि हम समय सीमा से बाध्य हैं. हम सभी दलों के सदस्यों के साथ बात करेंगे. उन्होंने कहा कि हम 80 फीसदी दलों के साथ बात कर चुके हैं. रिजिजू ने कहा कि आम चुनाव 2029 में होने हैं और हमारा कमिटमेंट है महिलाओं को आरक्षण देने का. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार का सहयोग करें. यह राजनीति का विषय नहीं है. कांग्रेस पार्टी सर्वदलीय बैठक में आए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'बजट सत्र समाप्त होगा या फिर होगी बैठक', जयराम रमेश ने राज्यसभा में मांगा स्पष्टीकरण, नड्डा ने दिया जवाब

किरेन रिजिजू की बात पर विपक्ष के नेता खड़गे ने कहा कि मैंने लेटर लिखा कि सर्वदलीय बैठक रखिए और हम अपने विचार रखेंगे. फिर सब मिलकर उस विचार को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने कहा कि हम कोई महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं हैं. खड़गे ने कहा कि हम पहले लोग हैं, जो महिला आरक्षण बिल लाए थे. हम सभी लोग सहमत हैं. उन्होंने कहा कि ये खेल बंद करो कि कब लाना है. आपको लाना ही था, तो पहले ही लाते इसी सत्र में. विपक्ष के नेता ने कहा कि हमने तीन दिन इसी सदन में ग्रामीण विकास मंत्रालय के काम पर चर्चा की हैं. क्या इस पर चर्चा नहीं कर सकते थे.

यह भी पढ़ें: 'जब तक चाबी हाथ में है, सारा धन ले लेना', TDP को संजय सिंह की सलाह

उन्होंने कहा कि बिचारे मंत्री को आगे करते हैं. सिचुएशन मोदी जी क्रिएट करते हैं. राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि आप चुनाव के बाद बुलाइए, हम सभी सहयोग करेंगे. हम उसी के लिए हैं. किरेन रिजिजू ने कहा कि जिन भी राजनीतिक दलों के साथ हमारी बातचीत हो चुकी है, उनसे पूछ सकते हैं. सिंपल प्रपोजल है. एक भी पॉइंट नहीं है, जिस पर आपत्ति कर सकें. उन्होंने दावा किया कि एक भी प्रावधान विवादित नहीं है. फिर भी कांग्रेस पार्टी आगे नहीं आना चाहती है, क्यों ये समझ नहीं आ रहा है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'यह भारत सरकार का विषय है, इसलिए उत्तर नहीं दे सकता' लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान क्या बोल गए मंत्री, स्पीकर बोले- अनुभवी हैं

किरेन रिजिजू ने कहा कि महिला आरक्षण पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, यह आप भी मानते हैं और हम भी मानते हैं. देश को हमने कमिटमेंट दिया है, पूरा करना हम सबका दायित्व है. नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा कि किरेन रिजिजू ने जयराम रमेश के प्रश्न का बहुत स्पष्ट उत्तर दिया है. उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता ने कहा कि आप 29 के बाद लाइए. सरकार इस पर निर्णय लेने में सक्षम है. जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार निर्णय लेगी, तो ढंग से लेगी. सदन कब बुलाना है, यह सरकार तय करेगी. उन्होंने कहा कि आप कह रहे हैं कि क्रेडिट ले लेंगे, क्रेडिट ले लेंगे.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा में संजय सिंह से भिड़ गए रिजिजू, कहा- इनकी आदत बन गई है, कुछ भी बोल देंगे

उन्होंने कहा कि आप ये क्यों नहीं समझ रहे हैं कि जिस बिल को 30 साल में पास नहीं करा पाए, उसे प्रधानमंत्री ने दो दिन में पास करा लिया. नड्डा ने कहा कि क्रेडिट तो हमने उसी दिन ले लिया. प्रोफेसर मनोज कुमार झा ने कहा कि हर चीज राजनीतिक है. और यहां कहा जा रहा है कि राजदनीति नहीं करें. विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नेता सदन ने सवाल किया कि 30 साल क्यों नहीं किए. ये इनिशिएटिव हमारा है. उन्होंने कहा कि 30 महीने तक उस बिल को क्या तकिया बनाकर रख लिए. 30 महीने बाद अब याद आया आपको. ये उद्देश्य से ऐसा करते हैं.

Advertisement

दबंगई सहन नहीं करेगा ये देश, ये संसद- मल्लिकार्जुन खड़गे 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ये हमको मनमर्जी से बुलाते हैं. लोकतंत्र में ऐसा नहीं होता. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र दबंग के नाते चलाएंगे, तो ये देश, इस देश के लोग और संसद सहन नहीं करेगी. ऐसी बातें नहीं करना. विपक्ष के नेता ने कहा कि हम मिलकर काम करेंगे, सभी साथ देंगे लेकिन इसे चुनावी मुद्दा मत बनाओ.

क्या विपक्ष महिला आरक्षण का विरोध कर रहा- पीयूष गोयल

एनसीपी सांसद फौजिया खान ने कहा कि मुझे मीटिंग के लिए बुलाया गया था. किरेन रिजिजू की बुलाई जगह पहुंची, अंदर नहीं जाने दिया गया और रोड किनारे इंतजार किया. आप राज्यसभा में भी रिजर्वेशन देंगे क्या. अपर हाउस में क्यों नहीं. पीयूष गोयल ने कहा कि क्या वे महिला आरक्षण का विरोध करते हैं. यह स्पष्ट करें. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement