गोवा के समुद्र तट हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. लेकिन मानसून के दौरान उफनता समुद्र और तेज लहरें कई बार जानलेवा साबित हो जाती हैं. ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा गोवा के बागा समुद्र तट पर सामने आया, जहां एक युवक की लहरों की चपेट में आने से मौत हो गई.
मृतक की पहचान अशपक मसाली (33) के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के बीजापुर का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि वह बुधवार दोपहर बागा-हडफड़े इलाके में समुद्र किनारे एक चट्टान पर बैठकर लहरों का नजारा देख रहा था.
यह भी पढ़ें: अल-नीनो लाएगा गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में सूखे का संकट!
इसी दौरान समुद्र में अचानक एक तेज लहर उठी और सीधे चट्टान से टकराई. लहर का जोरदार धक्का लगने से अशपक मसाली संतुलन खो बैठा और सीधे समुद्र में जा गिरा.

तैरकर बचने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सकी जान
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, समुद्र में गिरने के बाद युवक ने तैरकर किनारे तक पहुंचने की पूरी कोशिश की. लेकिन मानसून के कारण समुद्र में ऊंची और तेज लहरें उठ रही थीं, जिनसे बाहर निकल पाना उसके लिए संभव नहीं हो सका.
कुछ ही देर में वह लहरों के बीच डूब गया. आसपास मौजूद लोग उसकी मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
देखें वीडियो...
कुछ समय बाद युवक का शव समुद्र तट पर बहकर आ गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
मानसून में समुद्र किनारे बरतें सावधानी
गोवा में मानसून के दौरान समुद्र बेहद उग्र हो जाता है. प्रशासन और लाइफगार्ड लगातार पर्यटकों को चट्टानों पर न जाने और समुद्र में उतरने से बचने की सलाह देते हैं, क्योंकि इस मौसम में तेज लहरें अचानक लोगों को अपनी चपेट में ले सकती हैं.
इसके बावजूद कई पर्यटक रोमांच के लिए सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर जोखिम उठाते हैं. कई मामलों में यही लापरवाही जानलेवा साबित हो जाती है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान समुद्र तटों पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह का जोखिम उठाने से बचें.