डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन (DNPA) ने टाइम्स इंटरनेट के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर पुनीत गुप्त को अपना नया चेयरपर्सन बनाया है. डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन भारत के टॉप डिजिटल न्यूज मीडिया घरानों का संगठन है. DNPA के लीडरशिप में ये बदलाव बड़े अहम समय में किया गया है. इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत गोयनका को संगठन का वाइस चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है, जबकि ABP ग्रुप के CEO ध्रुबा मुखर्जी कोषाध्यक्ष के तौर पर अपने पद पर बने रहेंगे.
मनोरमा ऑनलाइन की CEO मरियम मैमन मैथ्यू का दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब उनकी जगह पुनीत गुप्त यह पद संभालेंगे. इस नियुक्ति की पुष्टि हाल ही में हुई DNPA बोर्ड की बैठक में की गई. इससे पहले वाइस चेयरपर्सन के तौर पर काम कर चुके पुनीत गुप्त, DNPA के नए प्रयासों और इंडस्ट्री से जुड़े कामों में करीब से शामिल रहे हैं. उनके नेतृत्व में DNPA में कई सकारात्मक बदलाव हुए.
DNPA के अध्यक्ष पुनीत गुप्त ने कहा कि डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स इस समय इंडस्ट्री के अब तक के सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में से एक का सामना कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कंटेंट की पहचान कैसे करें से लेकर AI-संचालित दुनिया में उसका मूल्यांकन कैसे हो, ये महत्वपूर्ण हो गया है. आज डिजिटल न्यूज इंडस्ट्री की सशक्त आवाज के रूप में DNPA की भूमिका पहले कभी इतनी महत्वपूर्ण नहीं रही.
उन्होंने कहा, "मेरा ध्यान यह सुनिश्चित करने पर होगा कि हमारे सदस्य न केवल इन बदलावों पर प्रतिक्रिया दें, बल्कि इस इंडस्ट्री की नीतियों और फ्रेमवर्क को तय करने में सक्रिय रूप से योगदान भी दें.
DNPA के उपाध्यक्ष अनंत गोयनका ने कहा कि यह भारत में डिजिटल समाचार प्रकाशन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है. न्यूज पब्लिशर्स का एक साथ आना, अपने दृष्टिकोण साझा करना और आगे आने वाले अवसरों और चुनौतियों के बारे में एक साझा समझ बनाना वास्तव में बहुत अहम है. मैं DNPA सदस्यों के साथ मिलकर इस प्रयास में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं."
अपने कार्यकाल पर विचार करते हुए निवर्तमान चेयरपर्सन मरियम मैमन मैथ्यू ने कहा कि इंडस्ट्री के लिए ऐसे अहम समय में DNPA का नेतृत्व करना उनके लिए सौभाग्य की बात रही है. उन्होंने कहा, "मुझे पूरा भरोसा है कि पुनीत के नेतृत्व में, DNPA का प्रभाव और असर लगातार बढ़ता रहेगा. मैं नई टीम को हर सफलता की कामना करती हूं."
DNPA की सेक्रेटरी जनरल और CEO सुजाता गुप्ता ने इस मौके पर कहा, "यह बदलाव DNPA के लिए एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत है. हमने पिछले कुछ साल अपनी विश्वसनीयता, रिश्तों और ढांचों को बनाने में बिताए हैं, जिनकी मदद से हम उन मुद्दों पर सार्थक रूप से काम कर पाते हैं जो हमारे सदस्यों के लिए सबसे ज़्यादा मायने रखते हैं. पुनीत और अनंत के नेतृत्व में हम उस नींव को ठोस नतीजों में बदलने के लिए अच्छी स्थिति में हैं- चाहे वह नीतिगत मामले हों, निष्पक्ष व्यावसायिक ढांचे हों या यह सुनिश्चित करना हो कि डिजिटल समाचार प्रकाशन भारत के इनफॉर्मेशन इकोसिस्टम का एक टिकाऊ और जरूरी हिस्सा बना रहे."
DNPA डिजिटल समाचार प्रकाशकों के हितों को बढ़ावा देने और उनकी रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही वह प्रौद्योगिकी, नीति और सतत विकास से जुड़ी चर्चाओं को भी आगे बढ़ा रहा है.
डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स एसोसिएशन भारत के प्रमुख मीडिया संगठनों की डिजिटल शाखाओं का प्रतिनिधित्व करता है. यह नीतिगत मुद्दो, इंडस्ट्री में सहयोग और पूरे इकोसिस्टम में उभरते अवसरों और चुनौतियों से जुड़े मामलों पर डिजिटल न्यूज पब्लिशर्स की सामूहिक आवाज के रूप में कार्य करता है.