बेंगलुरु के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कंप्यूटर पार्ट्स की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए बाप-बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने एचबीआर लेआउट स्थित एक दुकान से करीब 80 लाख रुपये के कंप्यूटर कंपोनेंट्स चोरी किए थे. घटना 13 मार्च की रात की बताई जा रही है, जब आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया.
चोरी के दौरान आरोपी RAM यूनिट्स, SSD हार्ड डिस्क और नकदी लेकर फरार हो गए. अगले दिन दुकान मालिक द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई.
यह भी पढ़ें: बैंकॉक से फोटो फ्रेम में छिपाकर लाया लाखों का हाइड्रोपोनिक गांजा, बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
पुलिस ने बरामद किए लाखों के सामान
जांच के दौरान पुलिस ने नागावारा इलाके के पास एक आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उसके बयान के आधार पर पुलिस ने उसके पिता को भी पकड़ लिया. दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 444 DDR4 RAM यूनिट्स, 279 SSD हार्ड डिस्क और 2.29 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: LPG की कमी से संकट में मुंबई-बेंगलुरु के रेस्टोरेंट्स, बची है सिर्फ 2 दिन की गैस, सरकार का आया बयान