केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी को घटाने का ऐलान किया. वहीं, भारत का ‘जग वसंत’ नाम का LPG टैंकर 42 हज़ार मीट्रिक टन से ज़्यादा गैस लेकर कांडला पोर्ट पर पहुंच चुका है. इन खबरों के अलावा, मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, तेज़ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. पढ़ें शुक्रवार सुबह की बड़ी खबरें.
ग्लोबल कच्चे तेल की आपूर्ति संकट के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी को घटा दिया है. पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी ₹10 घटाकर ₹3 कर दिया गया है, जबकि डीज़ल पर एक्साइज ड्यूटी जीरो कर दिया गया है. अब इस कटौती के बाद अगर तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती करती हैं तो फ्यूल के दाम ₹10 तक कम हो सकते हैं.
एक और खुशखबरी... 42 हजार टन LPG लेकर 'जग वसंत' वेसल होर्मुज से गुजरात पहुंचा
भारत का ‘जग वसंत’ नाम का LPG टैंकर 42 हज़ार मीट्रिक टन से ज़्यादा गैस लेकर कांडला पोर्ट पर पहुंच चुका है. इस बड़ी खेप से देश में LPG गैस की उपलब्धता और मजबूत होने की उम्मीद है. खासकर तब जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में ऊर्जा सप्लाई को लेकर थोड़ी अस्थिरता बनी हुई है. कांडला पोर्ट भारत के सबसे बड़े ऊर्जा आयात बंदरगाहों में से एक है.
देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले 4 दिन तक बारिश-आंधी और ओलों का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश, तेज़ आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों-जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी की संभावना है. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी UP में 27 से 30 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
UN में ईरान का 'लेटर बम', इजरायल पर अराघची और गालिबाफ की हत्या की साजिश का आरोप
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र को चिट्ठी लिखकर अपने विदेश मंत्री अब्बास अराघची और स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ की हत्या की साज़िश का आरोप लगाया है. हाल ही में इज़रायल ने इन दोनों को अपनी 'हिट-लिस्ट' से अस्थायी तौर पर हटा दिया था. चिट्ठी में साफ लिखा गया है कि "इन दोनों नेताओं को अस्थायी रूप से निशाने से हटाने का मतलब यह नहीं है कि ख़तरा ख़त्म हो गया है.
G7 समिट में शामिल होंगे पीएम मोदी, जून में दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे फ्रांस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 15 से 17 जून तक फ्रांस में आयोजित होने वाले G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पीएम मोदी की भागीदारी की पुष्टि की है. हालांकि भारत G7 का सदस्य नहीं है, लेकिन फ्रांस ने मौजूदा अध्यक्ष के रूप में भारत को साझेदार देश के तौर पर आमंत्रित किया है.
जनगणना 2027: अभद्र सवाल पूछने पर अधिकारी को होगी 3 साल की जेल, केंद्र सरकार का सख्त निर्देश
जनगणना 2027 के लिए सरकार ने सख्त नियम जारी किए हैं. भारत के महापंजीयक द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, यदि कोई जनगणना अधिकारी जानबूझकर कोई अपमानजनक या अनुचित सवाल पूछता है, तो दोषी पाए जाने पर उसे 3 साल तक की जेल की सज़ा हो सकती है. अधिकारियों को यह भी चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी तरह की ग़लत जानकारी दर्ज न करें.
देशभर में बनेंगे रेल अंडरपास, हादसों पर लगेगी लगाम, जानें क्या है रेल मंत्रालय का पूरा प्लान
केंद्र सरकार ने रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए देशभर में सुविधाजनक रेल अंडरपास बनाने का निर्णय लिया. यह निर्णय उन जगहों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जहां पटरी के एक ओर बस्ती और दूसरी ओर खेत, स्कूल या अन्य ज़रूरी स्थान होते हैं. अंडरपास का डिज़ाइन ऐसा होगा कि पैदल यात्री, साइकिल और मोटरसाइकिल आसानी से गुज़र सकें.