गुजरात के आणंद समेत आसपास के जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. वहीं,ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने भारत आ रहे जहाज पर होर्मुज में हमला कर कब्जे में लिया. इन खबरों के अलावा,रिजर्ब बैंक ऑफ इंडिया ने ऑटो डेबिट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता
गुजरात के कुछ इलाकों में बुधवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.4 दर्ज की गई. यह भूकंप शाम करीब 4:35 आया, जिससे आणंद समेत आसपास के जिलों में लोगों ने हल्का कंपन महसूस किया. भूकंप का केंद्र आणंद से करीब 36 किलोमीटर उत्तर पूर्व में स्थित बताया गया. किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
ईरान ने हमला कर जब्त किए दो जहाज, एक दुबई होते हुए आ रहा था भारत
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दो जहाजों पर हमला कर उन्हें कब्जे में ले लिया है. इन जहाजों को जब्त कर ईरान ले जाया जा रहा है. इनमें से एक जहाज भारत आ रहा था. इन जहाजों की पहचान MSC Francesca और Epaminodes के रूप में की गई है. MSC Francesca पर पनामा का झंडा लगा हुआ है जबकि Epaminodes पर लाइबेरिया का झंडा लगा है.
RBI Rule Change: आपके खाते पर लगा है 'ऑटो डेबिट'? आरबीआई ने बदले नियम... ऐसे होगा असर
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने ऑटो डेबिट से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. केंद्रीय बैंक ने डिजिटल पेमेंट के लिए नया ई मैंडेट फ्रेमवर्क जारी किया है. इसमें बार-बार होने वाले पेमेंट्स के लिए हर लेनदेन पर 15,000 की लिमिट सेट की गई है. इसके लिए OTP की जरूरत नहीं होगी. अब सिर्फ 15,000 से ज्यादा के ऑटो-पेमेंट के लिए ही OTP की जरूरत पड़ेगी.
अब बेधड़क दौड़ेंगे इंडियन आर्मी के टैंक, बारूदी सुरंगों का खतरा खत्म करेगा नया सिस्टम
रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड और इलेक्ट्रो न्यूमैटिक्स एंड हाइड्रोलिक्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ जरूरी कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किए. 975 करोड़ रुपये की ये डील T-72 और T-90 टैंकों के लिए ट्रोल असेंबली की खरीद के लिए की गई. ये उपकरण दुश्मनों की बारुदी सुरंगों को निष्क्रिय कर टैंकों के लिए सेफ रास्ता बनाता है.
दिल्ली आते ही नीतीश कुमार ने बनाई JDU की नई टीम, संजय झा समेत इन नेताओं को मिली जगह
नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड यानी जेडीयू की नई टीम बनाई है. नीतीश कुमार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे, जबकि संजय कुमार झा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने गए हैं. पार्टी में 12 राष्ट्रीय महासचिव और 8 सचिव बनाए गए हैं. आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष और चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
Aviation Fuel: आसमान में ‘ग्रीन रेवोल्यूशन’! एविएशन फ्यूल ATF में सिंथेटिक ब्लेंडिंग की मंजूरी
हवाई यात्रा को सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण के लिए बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने एक अहम फैसला लिया है. विमान में इस्तेमाल होने वाले फ्यूल यानी एविएशन टरबाइन फ्यूल के नियमों में बदलाव किया गया है. सरकार ने ATF में सिंथेटिक फ्यूल मिलाने की अनुमति दे दी है. इसका मतलब यह है कि अब ट्रेडिशनल फ्यूल में एथेनॉल की ब्लेंडिंग की जा सकेगी.
जमशेदपुर में फिर मिला सेकंड वर्ल्ड वार का बम, पहुंची आर्मी तो ऐसा कराया ब्लास्ट
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र में पुराना बम मिलने से हड़कंप मच गया. स्वर्णरेखा नदी के तट पर 15 अप्रैल को ग्रामीणों को एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई. जांच में इसे दूसरे विश्व युद्ध का बम माना गया, जिसके बाद सेना को बुलाया गया. सेना ने फिर सतर्कता के साथ इस बम को निष्क्रिय किया.
चुनावी राज्यों में EC का बड़ा एक्शन, तमिलनाडु-बंगाल में अब तक ₹1,072 करोड़ की जब्ती
चुनावी राज्य तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अब तक 1,072 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी और अन्य सामानों की जब्ती की गई है. इलेक्शन कमीशन ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए चुनावी राज्यों और उनके सीमावर्ती क्षेत्रों के मुख्य सचिवों, मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, डीजीपी और प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ कई समीक्षा बैठकें की हैं.