खबरों के लिहाज से आज का दिन काफी अहम है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री आज PM मोदी से मुलाकात करेंगे, इसमें रूस-यूक्रेन युद्ध पर बातचीत हो सकती है. वहीं खरगोन हिंसा में इबरिस खान मौत मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार हो गए हैं. अमित शाह की मौजूदगी में बिहार में कल टूटेगा पाकिस्तान का वर्ल्ड रिकॉर्ड, जानिए क्या है BJP का प्लान? लंदन में नवाज शरीफ से मिले बिलावल, पूर्व पीएम ने भारत को लेकर भी कुछ बोला है. जम्मू-कश्मीर में दो एनकाउंटर में छह आतंकी ढेर, एक जवान शहीद हुआ है. पढ़िए शुक्रवार की बड़ी खबरें.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आज दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे. दोनों नेताओं के बीच मुलाकात में दोनों देशों के बीच व्यापार और रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग पर बातचीत हो सकती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जॉनसन की बातचीत का मुख्य फोकस हिंद-प्रशांत की स्थिति पर होगा क्योंकि ब्रिटेन इस क्षेत्र में किसी भी तरह की जबरदस्ती का कड़ा विरोध करता है.
खरगोन हिंसा: इबरिस खान मौत मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, एक पर लगा NSA
मध्य प्रदेश के खरगोन में हिंसा के दौरान इबरिस उर्फ सद्दाम खान की मौत के मामले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस मामले में एक आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत केस दर्ज किया गया है. वहीं, तीन आरोपी अभी फरार हैं. एसपी रोहित काशवानी ने बताया, 10 अप्रैल को रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा में शहर के इस्लामपुरा निवासी 30 साल का इबरिस खान लापता हो गया था. 14 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी. 4 दिन बाद इंदौर के अस्पताल में इबरिस के शव की शिनाख्त की गई थी.
बिहार के भोजपुर में शनिवार को वीर कुंवर सिंह के विजयोत्सव कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति रहेगी और इस कार्यक्रम में बीजेपी की यह कोशिश है कि एक अलग किस्म का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाए. बिहार बीजेपी के मुताबिक, भोजपुर के जगदीशपुर में स्थित दुलौर मैदान में अमित शाह के इस कार्यक्रम में पहली बार 75000 राष्ट्रीय ध्वज को एक साथ लहराने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की जाएगी.
लंदन में नवाज शरीफ से मिले बिलावल, मुलाकात के बाद पूर्व पीएम ने भारत को लेकर कही ये बात
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने गुरुवार को लंदन में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के सुप्रीमो नवाज शरीफ से मुलाकात की. मुलाकात के बाद नवाज शरीफ ने भारत के साथ पाकिस्तान के संबंधों को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि हर कोई भारत पर मेरा रुख जानता है. वहीं, नवाज ने बिलावल से मुलाकात के दौरान पाकिस्तान के सामने आने वाले कठिन मुद्दों को हल करने के लिए संयुक्त रूप से काम करने का संकल्प लिया.
J-K: आतंक पर करारा प्रहार, दो एनकाउंटर में छह आतंकी ढेर, एक जवान शहीद, 9 घायल
जम्मू-कश्मीर (jammu kashmir encounter) के अलग-अलग इलाकों में पिछले कुछ घंटों में दो एनकाउंटर हुए हैं, जिसमें कुल छह आतंकी मारे गए हैं. आतंकवादियों के खिलाफ इस ऑपरेशन में एक भारतीय जवान भी शहीद हुए हैं, वहीं 9 जवान घायल बताए गए हैं. बता दें कि दो दिन बाद (24 अप्रैल) को पीएम नरेंद्र मोदी जम्मू कश्मीर दौरे पर जा रहे हैं.