प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी7 समिट में अपने संबोधन में कहा कि दुनिया में आज भरोसे की कमी है. वहीं, इंडिया ए टीम के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से भिड़ने वाले श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर गाज गिरी. इन खबरों के अलावा, विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ यात्रा इस वर्ष 16 जुलाई से शुरू होगी और 24 जुलाई तक संपन्न होगी. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
'दुनिया आज भरोसे की कमी से जूझ रही...', G-7 के मंच से बोले PM मोदी, बगल में बैठे थे ट्रंप
जी7 समिट के मंच से दुनिया को संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज सबसे अहम रणनीतिक संपत्ति आपसी भरोसा है. उन्होंने कहा कि दुनिया में संसाधनों की नहीं, बल्कि भरोसे की कमी है. पीएम मोदी ने ‘दाता-याचक’ दृष्टिकोण छोड़ समानता और एकजुटता पर आधारित साझेदारी की वकालत की और कहा कि भारत के लिए मानवता सबसे पहले है.
वैभव सूर्यवंशी से भिड़ना पड़ा भारी! श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर गिरी गाज, डिकवेला भी नहीं बचे
दांबुला में 15 जून को इंडिया ए और श्रीलंका ए मैच के बाद हुए विवाद पर श्रीलंका क्रिकेट ने कार्रवाई की है. वैभव सूर्यवंशी और विशेन हलम्बगे के बीच बहस व धक्का-मुक्की हुई थी. झगड़े में शामिल खिलाड़ियों पर गाज गिरी है. खबर है कि उनकी मैच फ़ीस काटी गई है. हालांकि श्रीलंका क्रिकेट ने अब तक सार्वजनिक रूप से सज़ा की पूरी जानकारी नहीं दी है.
Jagannath Rath Yatra 2026: जगन्नाथ रथ यात्रा 16 जुलाई से शुरू, जानें क्यों 15 दिन पहले बीमार पड़ जाते हैं भगवान
जगन्नाथ यात्रा इस साल 16 जुलाई से शुरू होगी और 24 जुलाई तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न होगी. इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का 108 पवित्र कलशों के जल से विशेष अभिषेक किया जाता है. मान्यता है कि इस महाअभिषेक के बाद भगवान जगन्नाथ को बुखार हो जाता है. फिर वे लगभग 15 दिनों तक अस्वस्थ रहते हैं.
मोहर्रम पर हथियारों के प्रदर्शन-तेज डीजे पर रोक, नीट अभ्यर्थियों को बस किराये में 50% छूट... योगी सरकार के बड़े फैसले
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने नीट परीक्षा अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है. 21 जून को 59 जनपदों में होने वाली नीट परीक्षा में शामिल होने वाले करीब साढ़े तीन लाख अभ्यर्थियों को बस किराए में 50 फ़ीसदी छूट मिलेगी. साथ ही दूसरे ज़िलों में परीक्षा देने पहुंचने वाले छात्रों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं.
दिल्ली में 93,000 स्ट्रीटलाइट्स होंगी स्मार्ट, 5 साल में ₹300 करोड़ की बिजली बचत का टारगेट
दिल्ली सरकार ने राजधानी की करीब 93 हजार स्ट्रीटलाइट्स को स्मार्ट एलईडी सिस्टम में बदलने का फ़ैसला किया है. 473 करोड़ 24 लाख रुपये की इस परियोजना से अगले पांच वर्षों में करीब तीन सौ करोड़ रुपये बिजली खर्च की बचत का लक्ष्य है. प्रोजेक्ट ईएमआई मॉडल पर चलेगा और भुगतान लाइट्स की परफ़ॉर्मेंस के आधार पर किया जाएगा.
'हम इंस्टाग्राम पर सबसे फेमस', G7 में मेलोनी की पीएम मोदी से मुलाकात, आया Melodi का जिक्र
फ्रांस में जी-7 समिट के दौरान पीएम मोदी और इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी की मुलाकात एक बार फिर चर्चा में रही. ग्रुप फ़ोटो से पहले दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से अभिवादन किया. Melodi ट्रेंड का ज़िक्र करते हुए पीएम मोदी ने उनकी लोकप्रियता की बात की, जिस पर मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि हां, हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज़्यादा मशहूर हैं.
अब बिहार में शादी या पार्टी में बजाया 'डबल मीनिंग' गाना तो खानी पड़ सकती है जेल की हवा
बिहार सरकार ने सार्वजनिक स्थानों और कार्यक्रमों में अश्लील, द्विअर्थी तथा जातीय उन्माद फैलाने वाले गानों पर सख्ती बढ़ा दी है. सरकार ने पुलिस को निर्देश दिया है कि ऐसे गीत बजाने या गाने वालों के ख़िलाफ़ BNS की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए. आदेश का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बनाए रखना और भड़काऊ सामग्री पर रोक लगाना है.
ईरान-US पीस डील पर मंडराया संकट, नेतन्याहू बने सबसे बड़ी अड़चन!
अमेरिका और ईरान शांति समझौते पर अब संकट के बादल मंडराने लगे हैं. इसकी वजह है इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का सख्त रुख. जिस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समझौते को मध्य पूर्व में स्थिरता की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं, उसी वक्त नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल लेबनान में अपनी सैन्य कार्रवाई नहीं रोकेगा.
'मेरे बिना इजरायल नहीं होता...', G-7 के मंच से नेतन्याहू पर बरसे ट्रंप
जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर नाराज़गी जताई. ट्रंप ने उन्हें क्रेज़ी तक कहा और दावा किया कि उनके बिना इज़रायल का अस्तित्व नहीं होता. ट्रंप ने नेतन्याहू को लेकर लेबनान में हालिया हमलों पर अपनी नाख़ुशी जताई, क्योंकि ये हमले ईरान के साथ पीस डील को ख़तरे में डाल रहे हैं.
ट्रंप के सामने PM मोदी ने उठाया नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा, कहा- कई भारतीयों को गंवानी पड़ी जान
फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने होर्मुज स्ट्रेट और आसपास के क्षेत्र में भारतीय नाविकों की मौत पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि वेस्ट एशिया में संघर्ष से मित्र देशों को जान-माल का नुकसान हुआ है. पीएम मोदी ने कहा कि नाविकों की सुरक्षा हमारी ज़िम्मेदारी है और समुद्री मार्ग हर हाल में सुरक्षित रहने चाहिए.