पुणे पुलिस ने आलंदी-तुलापूर रोड पर स्थित एक आलीशान बंगले में चल रही कथित हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया है. रविवार देर रात हुई इस बड़ी छापेमारी में पुलिस ने मौके से 156 लोगों को हिरासत में लिया है और लाखों रुपये की प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है. पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके से कुल 156 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 107 पुरुष और 49 महिलाएं शामिल हैं.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगले में देर रात तक तेज गाने, शराब और अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों के साथ एक हाई-प्रोफाइल पार्टी आयोजित की गई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने बंगले को चारों तरफ से घेर लिया और छापेमारी की. पुलिस की कार्रवाई से पार्टी में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोगों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.
शुरुआती जांच में ये भी सामने आया है कि पार्टी के लिए आयोजकों को जो लिकर परमिट (शराब परोसने की अनुमति) मिला था, वह 6 जून 2026 की रात 11:30 बजे तक ही वैध था. इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर कार्यक्रम को आगे जारी रखा गया था. पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 3 ग्राम गांजा भी बरामद किया है. इसके अलावा तीन हुक्का पॉट और 10 प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर भी जब्त किए गए हैं.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बंगले के अंदर से भारी मात्रा में लिकर बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 9.22 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस के मुताबिक इस छापेमारी में जब्त की गई सभी सामग्रियों की कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपये है. जांच अधिकारी ने बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ, शराब और अन्य हुक्का सामग्री को जांच के लिए प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया है.
पुलिस की पड़ताल में एक और अहम खुलासा हुआ है कि इस कथित रेव पार्टी में शामिल लोगों में तीन व्यक्ति ऐसे थे, जिनकी उम्र 21 वर्ष से कम थी. ऐसे में कानून के उल्लंघन और इतनी कम उम्र के युवाओं या नाबालिगों की इस संदिग्ध प्रोफाइल वाले कार्यक्रम में मौजूदगी को लेकर पुलिस अब बेहद गंभीरता से एक अलग कोण से जांच कर रही है.
मामले की जांच में ब्लेज एंटरटेनमेंट के आयमन शेख और स्टार लाइट एंटरटेनमेंट के यश चौधरी को इस पूरे आयोजन के मुख्य सूत्रधार और प्रमुख आयोजकों के तौर पर चिन्हित किया गया है. इसके अलावा पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने के लिए पार्टी के आयोजन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की भूमिका को भी टटोल रही है.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ब्लेज/डी मोरा से सिद्धांत धुवली और दिशांत धुवली जुड़े हुए हैं, जबकि स्टार लाइट एंटरटेनमेंट का पूरा संचालन यश चौधरी द्वारा किया जाता है. इसके साथ ही इस विवादित पार्टी में मोहित वाधवानी, देवयानी सिंह, काजल जैन, नमन संघवी, कृष मेहता, नंदिनी और संजना नामक व्यक्तियों की क्या भूमिका थी, इसकी गहराई से जांच की जा रही है.
लोणीकंद पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि ये आलीशान बंगला असल में किसका है और इस अवैध कार्यक्रम को आयोजित करने की पूरी जिम्मेदारी किसकी थी. पुलिस ये भी देख रही है कि क्या इस कार्यक्रम के लिए जरूरी अन्य वैधानिक स्वीकृतियां ली गई थीं और क्या इस रेव पार्टी के पीछे किसी बड़े मादक पदार्थ गिरोह का हाथ है.
(इनपुट-आदित्य भवर)