scorecardresearch
 

महज ₹20 के लिए हत्या... चप्पल सिलवाने के पैसे मांगने पर कहासुनी, 76 साल के मोची को उतारा मौत के घाट

Nagpur News: नागपुर के बुटीबोरी में चप्पल मरम्मत के ₹20 मांगने पर 35 वर्षीय दिलीप पवार ने 76 साल के बुजुर्ग जयसिंह भैंसवार पर मोची के लोहे के औजार से हमला कर हत्या कर दी. आरोपी गिरफ्तार, पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Advertisement
X
एम्स नागपुर में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम.(Photo: AI generated)
एम्स नागपुर में इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम.(Photo: AI generated)

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बुटीबोरी इंडस्ट्रियल एरिया से महज 20 रुपये के लेन-देन को लेकर हुई हत्या की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. चप्पल की मरम्मत के 20 रुपये मांगने पर हुए मामूली विवाद में एक 35 वर्षीय युवक ने 76 साल के बुजुर्ग पर मोची के लोहे के औजार से जानलेवा हमला कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया है.

एक न्यूज एजेंसी ने पुलिस के हवाले से बताया, मृतक की पहचान जयसिंह राजाराम भैंसवार (76) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान दिलीप पवार (35) के रूप में की गई है. शनिवार को आरोपी दिलीप पवार चप्पल की मरम्मत कराने के लिए बुटीबोरी स्थित मोची की दुकान पर गया था. काम खत्म होने के बाद जब उसने पैसे देने से मना कर दिया, तो दुकान पर मौजूद जयसिंह भैंसवार ने बीच-बचाव करते हुए उसे चप्पल सिलाई के 20 रुपये देने को कहा.

गाली-गलौज के बाद  सिर पर किया वार

मात्र 20 रुपये मांगने पर आरोपी दिलीप पवार आपा खो बैठा और जयसिंह के साथ गाली-गलौज करने लगा. विवाद इतना बढ़ा कि दिलीप ने मोची की दुकान पर रखे लोहे के भारी-भरकम त्रिकोणीय औजार को उठाया और बुजुर्ग जयसिंह के सिर पर दे मारा.

Advertisement

अचानक हुए इस जानलेवा हमले में बुजुर्ग खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए एम्स नागपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा 

घटना की जानकारी मिलते ही बुटीबोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलीप पवार को गिरफ्तार कर लिया.

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया, पैसे के भुगतान को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक हमले में बदल गया. आरोपी ने दुकान पर रखा लोहे का औजार उठाकर बुजुर्ग के सिर पर मार दिया, जिससे उनकी जान चली गई. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बुटीबोरी थाने में हत्या की धारा में मामला दर्ज कर कानूनी जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement