मुंबई की चलती अंबरनाथ लोकल ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक मारपीट में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को बेहतर इलाज के लिए सायन अस्पताल रेफर किया गया है. इस घटना से आधी रात ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के अनुसार, अंबरनाथ जाने वाली लोकल ट्रेन के लगेज डिब्बे में सीट पर बैठने को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष ने लोहे की रॉड, लोहे के कड़े से हमला कर दिया.
यह भी पढ़ें: एंटीलिया केस में पूर्व पुलिस अफसर सचिन वाझे को बड़ा झटका, कोर्ट ने खारिज की डिस्चार्ज याचिका
इस हमले में राजू वाघे (19), साहिल खंदारे (19) और प्रितेश कनोजिया (31) घायल हो गए. सभी घायलों को पहले रुक्मिणीबाई अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए सायन अस्पताल रेफर कर दिया गया.
आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद कल्याण रेलवे पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, पुलिस इस मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है और हमले में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है.
चलती लोकल ट्रेन में हुई इस हिंसक घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों में इस घटना के बाद भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.