scorecardresearch
 

'देश में बढ़ रही हुकूमशाही', 'ऑपरेशन टाइगर' पर अंबादास दानवे का हमला

शिवसेना UBT के वरिष्ठ नेता अंबादास दानवे ने महाराष्ट्र में चल रहे कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर बीजेपी और महायुति सरकार पर जमकर निशाना साधा है. दानवे ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि बीजेपी उनके सांसदों को तोड़ने की कोशिश कर रही है और इसके लिए पैसों का इस्तेमाल किया जा रहा है.

Advertisement
X
यूबीटी नेता अंबादास दानवे. (Photo: ITG)
यूबीटी नेता अंबादास दानवे. (Photo: ITG)

महाराष्ट्र की राजनीति में 'ऑपरेशन टाइगर' को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता अंबादास दानवे ने बीजेपी और महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने विरोधी पक्ष पर केंद्रीय एजेंसियों और पैसों के बल पर सांसदों को डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है.

अंबादास दानवे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सांसदों को ऑफर दिए जाने की चर्चाएं पूरी तरह सही हो सकती हैं, क्योंकि विरोधी पक्ष के पास अब पैसों के अलावा और कुछ बचा ही नहीं है. उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि जब जनता के बीच सीधे जाने का साहस नहीं है तो ऐसी राजनीति करने से अच्छा है कि राजनीति छोड़ दें.

पार्टी के सांसदों के टूटने की खबरों के बीच लोकसभा अध्यक्ष को पत्र दिए जाने के मुद्दे पर दानवे ने स्थिति साफ की. उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाना बेहद जरूरी था. हालांकि, अभी तक किसी भी सांसद का नाम नहीं लिया गया है और न ही किसी के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है.

शिंदे गुट की नेता शाइना एनसी के 'ऑपरेशन टाइगर' सफल होने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए दानवे ने कहा कि पहले ये स्पष्ट होना चाहिए कि शाइना एनसी आखिर किस पार्टी में हैं.

उन्होंने कहा कि कभी बीजेपी की प्रवक्ता रहीं शाइना अब शिंदे गुट की तरफ से बोल रही हैं और उनकी बातों को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है.

बागी सांसदों स्पीकर को सौंपा पत्र

उधर, शिवसेना के एक वरिष्ठ नेता ने आजतक को बताया कि शिवसेना के बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को अपना पत्र सौंप दिया है.

सूत्रों के अनुसार, पत्र के बारे में अभी जानकारी उपलब्ध नहीं. पर संभावनाएं हैं कि उन्होंने एक अलग गुट बनाया है जो बाद में शिवसेना शिंदे में पार्टी का विलय करेगा. सूत्रों का कहना है कि इस गुट में ओमराजे निम्बालकार, संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश अष्टिकर और अन्य समेत 6 सांसदों का नाम शामिल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement