scorecardresearch
 

बटन दबाइए, गाड़ियां रुक जाएंगी... अहमदाबाद में विदेशों जैसा ट्रैफिक सिस्टम, पैदल यात्रियों के लिए लगा 'पेलिकन सिग्नल'

सड़क पार करने के लिए अब ट्रैफिक के बीच जान जोखिम में डालने की जरूरत नहीं होगी. अहमदाबाद में पहली बार ऐसा ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है, जिसे पैदल यात्री खुद कंट्रोल कर सकते हैं. बस एक बटन दबाइए, गाड़ियों के लिए रेड लाइट हो जाएगी और आपको सड़क पार करने के लिए 25 सेकंड का समय मिल जाएगा. विदेशों में आम दिखने वाला यह 'पेलिकन सिग्नल' अब गुजरात के अहमदाबाद पहुंच गया है.

Advertisement
X
गुजरात के अहमदाबाद में लगा पेलिकन सिग्नल. (Photo: Screengrab)
गुजरात के अहमदाबाद में लगा पेलिकन सिग्नल. (Photo: Screengrab)

अगर आपने कभी यूरोप, अमेरिका या सिंगापुर की सड़कों के वीडियो देखे हैं, तो एक चीज जरूर नोटिस की होगी. वहां सड़क पार करने के लिए पैदल यात्रियों को ट्रैफिक के भरोसे नहीं छोड़ दिया जाता. एक बटन दबाते ही गाड़ियां रुक जाती हैं और लोगों को आराम से सड़क पार करने का मौका मिल जाता है. अब कुछ ऐसा ही प्रयोग भारत में भी शुरू हुआ है.

अहमदाबाद नगर निगम (AMC) ने शहर के व्यस्त सीजी रोड पर पहली बार पेलिकन (Push Button) ट्रैफिक सिग्नल लगाया है. यह सिस्टम खास तौर पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. फिलहाल इसे ट्रायल बेसिस पर शुरू किया गया है और इसकी सफलता के बाद शहर के अन्य इलाकों में भी ऐसे सिग्नल लगाए जा सकते हैं. इस परियोजना पर करीब 6 लाख रुपये खर्च किए गए हैं और इसे KELTRON कंपनी के सहयोग से डेवलप किया गया है.

कैसे करता है यह सिस्टम?

सड़क के दोनों ओर एक-एक पेलिकन सिग्नल बॉक्स लगाया गया है. जब किसी पैदल यात्री को सड़क पार करनी होती है, तो उसे सिर्फ बॉक्स पर लगा बटन दबाना होता है. बटन दबाने के बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाला 'WAIT' मैसेज 'WALK' में बदल जाता है. इसके साथ ही सड़क पर चल रहे वाहनों के लिए ट्रैफिक सिग्नल ग्रीन से रेड हो जाता है.

Advertisement

ahmedabad installs first pelican push button traffic signal for pedestrians on cg road

इसके बाद पैदल यात्री को सड़क पार करने के लिए करीब 25 सेकंड का समय मिलता है. समय पूरा होने से पहले हूटर बजता है, जिससे लोगों को संकेत मिल जाता है कि अब सिग्नल सामान्य स्थिति में लौटने वाला है. इसके बाद अगले 30 सेकंड तक सिस्टम दोबारा एक्टिव नहीं होगा, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रह सके.

यह भी पढ़ें: ट्रैफिक सिग्नल पर रुके थे राहगीर, पीछे से आया ट्रक और कुचलते चला गया, महिला की दर्दनाक मौत

पेलिकन सिग्नल लगाने वाली कंपनी के मीत शुक्ल के मुताबिक, यह पूरी तरह पैदल यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया सिस्टम है. उनका कहना है कि सड़क पार करने के दौरान सबसे बड़ी समस्या यह होती है कि पैदल यात्रियों को वाहनों के बीच से निकलना पड़ता है. यह सिस्टम उस खतरे को कम करने की कोशिश है.

हालांकि तकनीक लगाना आसान है, लेकिन लोगों को उसके नियमों का पालन कराना कहीं ज्यादा मुश्किल है. ट्रायल के दौरान देखा गया कि कई वाहन चालक रेड सिग्नल होने के बावजूद रुक नहीं रहे थे. इसे देखते हुए नगर निगम ने ट्रैफिक पुलिस से भी सहयोग मांगा है. AMC अधिकारियों का मानना है कि इस सिस्टम की सफलता सिर्फ मशीन पर नहीं, बल्कि लोगों की जागरूकता पर निर्भर करेगी.

Advertisement

ahmedabad installs first pelican push button traffic signal for pedestrians on cg road

AMC के अधिकारियों का कहना है कि सीजी रोड पर लगाया गया यह पहला पेलिकन सिग्नल एक पायलट प्रोजेक्ट है. यदि लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है और नियमों का पालन होता है, तो अहमदाबाद के अन्य व्यस्त इलाकों में भी ऐसे सिग्नल लगाए जाएंगे.

भारत में सड़क सुरक्षा और पैदल यात्रियों की सुविधा को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है. ऐसे में अहमदाबाद का यह प्रयोग सिर्फ एक नया ट्रैफिक सिग्नल नहीं, बल्कि सड़क संस्कृति बदलने की दिशा में एक छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement