scorecardresearch
 

'अबकी बार सीधे सिर में गोली…', बिश्नोई गैंग की कारोबारी को धमकी

पुणे के एक फर्नीचर मॉल में हुई फायरिंग के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है. गैंग की ओर से आरजू बिश्नोई और शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल ऑडियो के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. ऑडियो में धमकी भी दी गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल ऑडियो व पोस्ट की सत्यता की पड़ताल कर रही है.

Advertisement
X
लॉरेंस बिश्नोई. (File Photo: ITG)
लॉरेंस बिश्नोई. (File Photo: ITG)

पुणे में कारोबारी अशोक नैन के फर्नीचर मॉल पर हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस मामले में अब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आने से सनसनी और बढ़ गई है. गैंग की ओर से आरजू बिश्नोई और फरार गैंगस्टर शुभम लोनकर द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. इसके साथ ही एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है, जिसमें आरजू बिश्नोई की आवाज होने का दावा किया जा रहा है.

अब की बार मॉल में नहीं, सीधे सिर पर मारेंगे गोली
वायरल ऑडियो में आरजू बिश्नोई जैसा परिचय देते हुए व्यक्ति कहता है कि पुणे में अशोक नैन के “एजे फर्नीचर मॉल” पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी वह और उसका गिरोह लेते हैं. ऑडियो में यह भी दावा किया गया है कि कारोबारी को पहले समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन पैसों के घमंड के कारण उसने बात नहीं मानी. जिसके बाद “छोटा सा ट्रेलर” दिखाने की बात कही गई. ऑडियो में आगे धमकी देते हुए कहा गया है कि अगली बार गोली मॉल पर नहीं, सीधे सिर पर चलाई जाएगी.

इस घटना और वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं. शुरुआती जांच में सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. साइबर सेल यह पता लगाने में जुटी है कि यह ऑडियो वास्तव में गैंग से जुड़ा है या किसी अन्य माध्यम से दहशत फैलाने के लिए तैयार किया गया है.

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर का नाम पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. विशेष रूप से एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की साजिश से जुड़ाव के आरोपों के बाद वह फरार बताया जा रहा है. उसके विदेश में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है. जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गैंग व्यापारियों और बड़े कारोबारियों को डराकर उनसे वसूली करने की कोशिश करता है.

फायरिंग से व्यापारियों में दहशत
फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है. कई व्यापारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement