scorecardresearch
 

पति की अचानक मौत के बाद टूट गई थीं मंदिरा बेदी, बताया थेरेपी ने कैसे दी नई जिंदगी

एक्ट्रेस मंदिरा बेदी अपने दिवंगत पति राज कौशल को याद करते हुए भावुक हो गईं. उन्होंने बताया कि थेरेपी ने उन्हें उस मुश्किल दौर से उबरने में मदद की. इसके अलावा उन्होंने क्या कहा जानिए.

Advertisement
X
मंदिरा बेदी हुई इमोशनल (Photo: Screengrab)
मंदिरा बेदी हुई इमोशनल (Photo: Screengrab)

एक्टर, टेलीविजन होस्ट और फैशन डिज़ाइनर मंदिरा बेदी अपनी आने वाली फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याउजाकी' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान अपने दिवंगत पति राज कौशल के बारे में बात करते हुए इमोशनल हो गईं. अपनी लाइफ के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए, मंदिरा ने बताया कि कैसे थेरेपी ने उन्हें दुख से उबरने और 2021 में राज को खोने के बाद धीरे-धीरे आगे बढ़ने में मदद की.

अपनी जिंदगी में थेरेपी की भूमिका के बारे में बात करते हुए, मंदिरा बेदी ने बताया कि वह लगभग दो दशकों से प्रोफेशनल मदद ले रही हैं. अपने शुरुआती एक्सपीरियंस में से एक को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'थेरेपी, काउंसलिंग और खुद को बेहतर ढंग से समझने की कोशिश मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रही है. मैं पहली बार लगभग 20 साल पहले थेरेपी के लिए गई थी. जब मैंने अपनी मां को बताया कि मैं एक थेरेपी सेशन में गई थी, तो उन्होंने पूछा, 'क्यों? तुम्हें क्या हुआ है?' मैंने उनसे कहा कि मेरे मन में जो चल रहा था, उसे बाहर निकालना जरूरी था. तब मेरी मां ने कहा, 'तुम मुझसे बात कर सकती थी.' लेकिन मैंने जवाब दिया, 'नहीं.'

मंदिरा ने कहा कि थेरेपी का सहारा लेना हमेशा से ही जिंदगी के मुश्किल दौर से निपटने का उनका तरीका रहा है. जब भी उन्हें इमोशनली बहुत ज्यादा दबाव महसूस हुआ या लगा कि कुछ ठीक नहीं है, तो उन्होंने अकेले निपटने के बजाय प्रोफेशनल गाइडेंस लेना बेहतर समझा.

Advertisement

एक्ट्रेस ने कहा, 'जब भी मुझे लगा कि मेरी जिंदगी में कुछ गलत या असंतुलित है, तो मैंने थेरेपिस्ट और काउंसलर की मदद ली. इससे मुझे हमेशा बहुत फायदा हुआ. जब मैंने अपने पति को खोया, तो थेरेपी मेरे लिए ठीक होने का एक जरिया बनी, इसीलिए मैंने इसका सहारा लिया.'

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

मंदिरा बेदी और राज कौशल के बारे में
मंदिरा बेदी ने 14 फरवरी, 1999 को फिल्ममेकर राज कौशल से शादी की और इस जोड़े ने अगले दो दशकों तक साथ में जिंदगी बिताई. उनके बेटे वीर का जन्म हुआ और बाद में 2020 में उन्होंने अपनी बेटी तारा को गोद लिया. राज का जून 2021 में 50 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया. एक फिल्ममेकर के तौर पर, उन्होंने 'शादी का लड्डू' और 'प्यार में कभी-कभी' जैसी फिल्में डायरेक्ट की थीं. 

'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' के बारे में
इस फिल्म का ट्रेलर मैक्स और मिन नाम के एक युवा जोड़े की कहानी दिखाता है, जिनका रिश्ता मैक्स की जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर में टूट जाता है. दिल टूटने के बाद आगे बढ़ने की कोशिश करते हुए, मैक्स को अचानक 'म्याऊजाकी' नाम की पालतू बिल्ली से सुकून और साथ मिलता है. इंस्टाग्राम पर ट्रेलर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'मॉडर्न प्यार, उथल-पुथल और घर पर हमारा इंतजार करने वालों की एक मजेदार कहानी - मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी.'

मंदिरा बेदी 'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' में नजर आएंगी, जिसे नरसिम्हा मूर्ति ने लिखा और डायरेक्ट किया है. फिल्म में मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन और नफीसा अली भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 24 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement