महाराष्ट्र के लातूर में बहन के साथ अफेयर होने के शक में दो भाइयों ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर 32 वर्षीय प्रोफेसर नितिन धनजी संगमे की हत्या कर दी. आरोपियों ने 4 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे कनेरी चौक इलाके से नितिन का अपहरण किया और उसे बर्दापुर गांव स्थित अपने स्टोन क्रशर प्लांट पर ले गए.
लातूर शहर के डीवाईएसपी समरसिंह सालवे के मुताबिक, आरोपी पृथ्वीराज देशमुख और धवल देशमुख ने अपने दोस्तों प्रथमेश रेड्डी और आदित्य भालके के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. चारों आरोपी नितिन को MH 24 CD 7474 नंबर की एक्सयूवी में बैठाकर वहां ले गए थे.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: लातूर में NEET छात्रा ने की खुदकुशी, पिता बोले- एग्जाम रद्द होने से थी परेशान
पुलिस के अनुसार, स्टोन क्रशर प्लांट पर चारों ने नितिन की डंडे, बेल्ट और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की. मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई. नितिन कोल्हापुर शहर में प्रोफेसर था और कनेरी चौक क्षेत्र में रहता था.
सुबह मिली हत्या की जानकारी, चारों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को 5 अक्टूबर की सुबह करीब 5 बजे नितिन की हत्या की जानकारी मिली. इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. मामले में शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में चारों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई.
पुलिस ने BNS की धारा 468/26, 103(1), 140(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज करते हुए पृथ्वीराज देशमुख, धवल देशमुख, प्रथमेश रेड्डी और आदित्य भालके को हिरासत में लिया.
चारों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें चार दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया. मामले की आगे की जांच शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर संतोष पाटील और API कामत कर रहे हैं. पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.