मध्य प्रदेश की भोपाल से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने तंज कसा है. संजय सिंह ने ट्विटर पर लिखा, 'मैं प्रज्ञा ठाकुर के बयान से सहमत हूं, वो नाली और शौचालय साफ करने के लिए नहीं बनी, जो करने के लिए बनी है, उसने किया, जो उसने किया उसकी सजा नहीं उपहार उसको मिला.'
मैं प्रज्ञा ठाकुर के बयान से सहमत हूँ वो नाली और शौचालय साफ़ करने के लिये नही बनी जो करने के लिये बनी है उसने किया जो उसने किया उसकी सज़ा नही उपहार उसको मिला
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln)
दरअसल, बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सीहोर में स्थानीय लोगों से कहा था, 'ध्यान रखिए, हमें नाली साफ करवाने के लिए सांसद नहीं बनाया गया है. हमें आपके शौचालय साफ करवाने के लिए सांसद नहीं बनाया गया है. हम जिस काम के लिए बनाए गए हैं, वह काम हम ईमानदारी से करेंगे. यह हमारा पहले भी कहना था, आज भी कहना है और आगे भी कहेंगे.'
बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, 'सांसद का काम है कि वह विधायक, पार्षद, मंडल अध्यक्ष व बाकी सबसे मिल करके यहां का विकास करें. स्थानीय समस्याओं के लिए जिसे आपने चुना है, उन्हें बताएं. आपको उनसे भी काम करवाना है.'
BJP MP from Bhopal, Pragya Thakur in Sehore: Hum naali saaf karwane ke liye nahi bane hain. Hum aapka shauchalaya saaf karne ke liye bilkul nahi banaye gaye hain. Hum jis kaam ke liye banaye gaye hain, vo kaam hum imaandaari se karenge.
— ANI (@ANI)
इससे पहले प्रज्ञा सिंह ठाकुर कई बार विवादित बयान दे चुकी हैं. लोकसभा चुनाव से पहले प्रज्ञा ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को 'देशभक्त' करार दिया था. उन्होंने कहा था, 'नाथूराम गोडसे देशभक्त थे, हैं और रहेंगे. आतंकवादी कहने वाले लोग स्वयं के गिरेबान में झांककर देखें, अबकी चुनाव में ऐसे लोगों को जवाब दे दिया जाएगा.'
इसके अलावा मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे को लेकर भी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने विवादित बयान दिया था. अपने विवादित बयानों के कारण चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा पर बैन भी लगाया था. इसके बाद साध्वी ने मौन व्रत भी रखा था.