झारखंड की हजारीबाग पुलिस ने बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में छह लोगों को अरेस्ट किया है. इसमें 4 महिलाएं भी हैं. इसके साथ ही पुलिस ने एक बच्चे को भी इनके कब्जे से बरामद किया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इनके बारे में और जानकारी जुटा रही है.
दरअसल, लोहसिंघना थाना क्षेत्र के ओकनी साई मंदिर के पास से एक बच्चा गुम हुआ था. इस संबंध में सूचना मिलने पर हजारीबाग एसपी मनोज रतन चोथे ने जांच के निर्देश दिए. इस पर पुलिस ने जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. इस दौरान एक महिला पर पुलिस की नजर पड़ी.
'दो लाख 95 हजार रुपये में बच्चे को बेच दिया है'
ये महिला करीना देवी थी. पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की. इस दौरान उसने बताया कि ज्योति रानी, कन्हैया कुमार पासवन, नूतन देवी के साथ मिलकर बच्चे को चोरी करके कोडरमा में गीता देवी पति रोहित रविदास के हाथ दो लाख 95 हजार रुपये में बेच दिया है.
पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास होटलों में छापेमारी की
साथ ही ये भी बताया कि ज्योती और कन्हैया छत्तीसगढ़ में कहीं गए हैं और रांची रेलवे स्टेशन आने वाले हैं. इस पर पुलिस ने रांची रेलवे स्टेशन के आसपास होटलों में छापेमारी की. इस दौरान मिरा होटल में दोनों पकड़े गए. बच्चे के संबंध में पूछने पर दोनों ने बताया कि नूतन और करीना के सहयोग से गीता पति रोहित के हाथ उन्होंने बच्चे का सौदा किया है.
इसके आधार पर पुलिस ने कोडरमा में छापेमारी कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया. अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ में इनके रैकेट के बारे में जानकारी जुटा रही है. साथ ही ये भी पता लगा रही है कि अगवा बच्चों को सिर्फ बेचा जाता था या फिर ये लोग किसी और रैकेट या अवैध धंधे में भी शामिल हैं.