झारखंड के गढ़वा से बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पेट्रोल खत्म होने की अफवाह के बीच एक युवक गैलन में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में वही पेट्रोल उसकी मौत का कारण बन गया. सड़क हादसे में गैलन फट गया और पेट्रोल युवक के ऊपर गिर गया. इसी के साथ आग लग गई और आग की लपटों ने उसे घेर लिया. युवक बुरी तरह झुलस गया. इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
यह घटना NH 343 पर गढ़वा थाना क्षेत्र के लोटो गांव के पास हुई. ओबरा गांव निवासी शंभू प्रसाद गुप्ता पेट्रोल किल्लत की अफवाह के कारण पेट्रोल स्टॉक करने के लिए लोटो स्थित पेट्रोल पंप पर गए थे. उन्होंने प्लास्टिक के गैलन में पेट्रोल भरवाया और उसे अपने मोपेड पर रखकर घर लौट रहे थे.

जैसे ही वह पेट्रोल पंप से निकलकर सड़क पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड पर रखा पेट्रोल का गैलन फट गया और उसमें भरा पेट्रोल चारों तरफ फैल गया. कुछ ही पलों में पेट्रोल ने आग पकड़ ली और शंभू प्रसाद गुप्ता तथा उनका मोपेड दोनों आग की चपेट में आ गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही युवक के पूरे शरीर में लपटें उठने लगीं. वह जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ता रहा और मदद के लिए चिल्लाता रहा. आसपास मौजूद लोग दौड़कर उसकी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन जब तक आग बुझाई जाती, तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था.
यह भी पढ़ें: गुजरात में दर्दनाक हादसा... पुल से गिरकर कार में लगी आग, 2 महिला शिक्षकों समेत 3 की जिंदा जलकर मौत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बताया कि युवक का करीब 80 प्रतिशत शरीर जल चुका है. हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.

परिजन उसे लेकर रांची के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
मृतक के परिजनों ने बताया कि हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही थीं. इसी वजह से शंभू प्रसाद गुप्ता ने एहतियात के तौर पर पेट्रोल स्टॉक करने का फैसला किया था. वह गैलन में पेट्रोल भरवाकर घर ला रहे थे, ताकि जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किया जा सके.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगी आग और युवक की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया. कई लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उसे काबू करने में समय लग गया.
गांव के मुखिया और स्थानीय लोगों ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताया है. उनका कहना है कि अफवाहों के कारण लोग घबराकर पेट्रोल और अन्य चीजें जमा करने लगते हैं, जो कभी-कभी ऐसे हादसों की वजह बन जाता है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.