scorecardresearch
 

जम्मू-कश्मीर: पुंछ में LoC के पास जोरदार ब्लास्ट, 4 आतंकी मारे गए

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC के करीब माइन ब्लास्ट हुआ है. इस हादसे में 4 आतंकियों की मौके पर ही मौत हो गई है. धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है. वहीं, मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में भारतीय सेना ने दो जंग लगी बारूदी सुरंगें बरामद कर उन्हें नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट किया.

Advertisement
X
धमाके के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. (Representation Photo- Pixabay)
धमाके के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. (Representation Photo- Pixabay)

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में LoC के करीब जबरदस्त धमाका हुआ है. कृष्णा घाटी सेक्टर में जीरो लाइन के पास नंगी टेकरी इलाके में हुए इस माइन ब्लास्ट में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 4 आतंकवादियों की मौत हो गई है. मारे गए लोगों में एक टॉप लश्कर-ए-तैयबा कमांडर भी शामिल है.

बताया जा रहा है कि ये धमाका एंटी-इनफिल्ट्रेशन ग्रिड के तहत लगाई गई माइंस फटने से हुआ, जिससे घुसपैठिए मौके पर ही मारे गए. धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में अलर्ट जारी कर दिया है और किसी भी घुसपैठ को रोकने के लिए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है.

इस धमाके में मारे गए एक शख्स की पहचान लश्कर के टॉप कमांडर मोहम्मद फैजान के तौर पर हुई है. बाकी तीन आतंकवादियों की पहचान वकास, इश्तियाक और आसिम के रूप में हुई है.

मेंढर में जंग लगी दो बारूदी सुरंगें बरामद

वहीं भारतीय सेना के जवानों ने सोमवार को मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा बाड़ के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें बरामद की है. अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक बनाने के दौरान सुबह 8:25 बजे और दोपहर 12:10 बजे ये बारूदी सुरंगें देखी गईं. बाद में सेना के विशेषज्ञों ने एक नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों विस्फोटक उपकरणों को नष्ट कर दिया.

Advertisement

पिछले एक हफ्ते के दौरान सेना ने इस इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया है.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में नमाज के वक्त 'सुसाइड ब्लास्ट', 16 की मौत, मस्जिद बुरी तरह क्षतिग्रस्त

बता दें कि घुसपैठ रोकने के अभियान के तहत LoC के अग्रिम इलाकों में बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं. हालांकि, भारी बारिश के कारण कई बार ये सुरंगें बहकर बाहर आ जाती हैं, जिससे संभावित खतरा बना रहता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement