जम्मू-कश्मीर के दो बड़े शहरों जम्मू और श्रीनगर को अब डायरेक्ट रेल कनेक्टिविटी मिल गई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे. इस ट्रेन के चलने से जम्मू और श्रीनगर के बीच 267 किलोमीटर की दूरी सिर्फ 4 घंटे 50 मिनट में तय की जा सकेगी.
बता दें कि पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटरा से श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू की थी. जिससे कश्मीर घाटी देश के बाकी हिस्सों से रेल नेटवर्क से जुड़ी. अब इस ट्रेन को जम्मू शहर तक बढ़ा दिया गया है. इस तरह जम्मू-कश्मीर की दो राजधानी शहरों को पहली बार सीधे रेल सेवा से जोड़ा गया है.
बर्फ और ठंड में भी बिना रुके चलेगी वंदे भारत ट्रेन
इस वंदे भारत ट्रेन को बाकी ट्रेनों से अलग बनाने वाली सबसे बड़ी बात यह है कि यह सभी मौसम में चल सकती है. बहुत ठंड और बर्फबारी वाले इलाकों में भी ये सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगी.
इन आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत ट्रेन
जम्मू-कश्मीर में सर्दियों में तापमान माइनस 10 डिग्री से भी नीचे चला जाता है. इसलिए इस ट्रेन में खास 'विंटराइजेशन' तकनीक लगाई गई है. इसमें कई नई सुविधाएं दी गई हैं. पानी की पाइपलाइनों को जमने से बचाने के लिए सेल्फ रेगुलेटिंग हीटिंग केबल्स लगाई गई हैं. ये केबल्स खुद-ब-खुद तापमान के हिसाब से गर्मी बढ़ा या घटा लेती है.
ट्रेन में कुल 20 कोच हैं और इसमें 1400 से ज्यादा यात्री एक साथ सफर कर सकते हैं. इस वंदे भारत ट्रेन की अन्य खूबियों की बात करें तो अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी. एयर कंडीशंड, ऑटोमैटिक प्लग डोर, LED लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे, रिजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम (ऊर्जा बचाने वाला) समेत तमाम सुविधाएं हैं.
ट्रेन का टाइम शेड्यूल क्या है?
पहली जोड़ी (सोमवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार को चलेगी- मंगलवार को नहीं) ट्रेन नंबर 26401: जम्मू तवी से सुबह 6:20 बजे रवाना रवाना होकर 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी. वापसी ट्रेन नंबर 26402 श्रीनगर से दोपहर 2:00 बजे चलेगी और शाम 6:50 बजे जम्मू पहुंचेगी.
दूसरी जोड़ी (सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार को चलेगी - बुधवार को नहीं) ट्रेन नंबर 26404: श्रीनगर से सुबह 8:00 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे जम्मू पहुंचेगी. वापसी ट्रेन नंबर 26403 जम्मू से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचेगी. जो ट्रेन रास्ते में उधमपुर, कटरा, रियासी और बनिहाल स्टेशनों पर रुकेगी.
इस सफर का सबसे बड़ा आकर्षण रियासी जिले में चेनाब नदी पर बना दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज है. यह ब्रिज एफिल टावर से भी ऊंचा है. पिछले साल प्रधानमंत्री मोदी ने इसका उद्घाटन किया था.