आजतक के 'हरियाणा पंचायत' कार्यक्रम में हरियाणा और पंजाब के विकास, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और किसानों के मुद्दों पर भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तीखी बहस देखने को मिली. भाजपा के प्रवक्ता राजीव जेटली ने हरियाणा के विकास का रिपोर्ट कार्ड रखा और बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 20-20 घंटे तक काम करते हैं.
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता निवान शर्मा ने सीएजी रिपोर्ट के बहाने हरियाणा सरकार को घेरा. कार्यक्रम के दौरान तीनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर राजनीतिक तीर चलाए और अपनी-अपनी पार्टियों का पक्ष रखा.
नायब सिंह 20 घंटे काम करने वाले सीएम: भाजपा
भाजपा प्रवक्ता राजीव जेटली ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या के कारण हालात बिगड़े हैं और वहां आम आदमी पार्टी ने विकास की नींव में सीमेंट की जगह 'चिट्टा' (नशा) डाल दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और कोई निवेशक वहां जाने को तैयार नहीं है, जिससे राज्य का विकास मुमकिन नहीं है.
उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बचाव करते हुए दावा किया कि वे 20 घंटे काम करने वाले सक्षम मुख्यमंत्री हैं, जो जनता के लिए हर वक्त उपलब्ध रहते हैं. कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दौर में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था, जबकि मौजूदा सरकार गैंगस्टरों पर कार्रवाई कर रही है, उन्हें विदेशों से डिपोर्ट करा रही है और सलाखों के पीछे भेज रही है.
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा में फसलों पर एमएसपी दी जा रही है और किसानों को पर्याप्त मुआवजा सुनिश्चित किया गया है. हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां सभी फसलों पर एमएसपी (MSP) दी जा रही है, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, वह केवल पर्सनल अटैक और कॉमेडी करती है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब को भारी कर्ज में डुबो दिया है.
'हरियाणा में गैंगस्टर राज और पार्ट-टाइम सीएम': कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा सरकार के दावों को खारिज करते हुए हरियाणा के वर्तमान हालात पर सवाल उठाए. उन्होंने हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में 'नंबर वन' रहने वाला हरियाणा आज अपराध, अव्यवस्था, फिरौती और गुमशुदगी के मामलों में आगे है.
उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगस्टर राज चल रहा है. 15 दिनों में 5,000 अपराधियों की गिरफ्तारी और सोनीपत व फतेहाबाद जैसी जगहों पर करोड़ों की रंगदारी मांगना यह साबित करता है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है.
आलोक शर्मा ने नायब सिंह सैनी पर 'पार्ट-टाइम मुख्यमंत्री' होने का तंज कसते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार को असल में भाजपा और आरएसएस चला रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने मंडियों में किसानों की धान (जीरी) की दुर्दशा, नमी के कड़े नियमों, बारदाने की किल्लत और एमएसपी न मिलने का मुद्दा उठाया. साथ ही, उन्होंने भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों पर पंजाब और हरियाणा को नशाखोरी व कर्ज में डुबोने का आरोप लगाया.
कैग रिपोर्ट ने खोली हरियाणा की पोल: AAP
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता निवान शर्मा ने कैग (CAG) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए हरियाणा सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दियाय उन्होंने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि राज्य में ₹11,31,000 करोड़ की वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं, जिनमें चोरी, गबन, राजस्व हानि और आयुष्मान योजना में मृत लोगों के नाम पर पैसे का दुरुपयोग शामिल है.
स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में रेहड़ी पर महिलाओं की डिलीवरी हो रही है और टॉर्च की रोशनी में अस्पतालों में इलाज चल रहा है. उन्होंने भाजपा के दावों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार जनहित के बजाय केवल पैसे खाने और वोट चोरी में व्यस्त है.
उन्होंने हरियाणा के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर भी सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने पंजाब की आप सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि पंजाब में 9,000 स्मार्ट क्लासरूम, 'स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' और विश्वस्तरीय शिक्षा दी जा रही है, जबकि हरियाणा की सरकार केवल कागजी दावों तक सीमित है.
टीवी बहस में हरियाणा और पंजाब के विकास, कानून-व्यवस्था, नशाखोरी, किसानों और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। तीनों नेताओं के बयान इस प्रकार हैं.
पंजाब के नशा पर भिड़ गए तीनों नेता
हरियाणा के साथ पंजाब के नशा पर बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रवक्ताओं के बीच जमकर बहस हुई. आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा और आप दोनों की सरकारों ने मिलकर पंजाब और हरियाणा को नशाखोरी और भारी कर्ज में धकेल दिया है.
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग भाजपा के टूल की तरह काम कर रहे हैं। वोटिंग लिस्ट और वोटर डेटा में भारी धांधली की जा रही है.
वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता निवान शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ अभियान चलाकर 70,000 नशा तस्करों को जेल भेजा है और उनके अवैध निर्माण ध्वस्त किए हैं. नशे के कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने का काम कर रही है मान सरकार.