गुजरात के सूरत जिले के कडोदरा इलाके में शनिवार को एक ट्रक में अचानक आग लग गई. घटना तातीथैया गांव के पास रघुकुल मिल के सामने की है. ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसका ड्राइवर केबिन के अंदर खाना बना रहा था. तभी अचानक आग भड़क गई.
कुछ ही पलों में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया. धुएं का गुबार और ऊंची लपटें देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए. सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. इस बीच ड्राइवर ने ट्रक से बाहर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई.
घटना की सूचना मिलते ही कडोदरा जीआईडीसी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आग इतनी तेज थी कि उसे काबू में करने के लिए पास की रघुकुल मिल की पाइपलाइन से पानी लिया गया. थोड़ी देर बाद कडोदरा पीईपीएल की दमकल टीम भी मौके पर पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: बाइक-स्कूटी लदे ट्रक में लगी आग, 94 दोपहिया वाहन जलकर खाक, Fire Brigade ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. लेकिन आग बुझाने के दौरान एक ऐसी चीज मिली, जिसने सभी की चिंता बढ़ा दी. अगर आग सिलेंडर तक पहुंच जाती और उसमें विस्फोट हो जाता, तो आसपास मौजूद लोगों और सड़क से गुजर रहे वाहनों को भारी नुकसान हो सकता था.
इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने तुरंत सड़क के दोनों तरफ का ट्रैफिक बंद करा दिया. जब आग पूरी तरह बुझ गई, तब पुलिस और दमकलकर्मियों ने सावधानी से सिलेंडर को बाहर निकाला. इसके बाद ही ट्रैफिक फिर से शुरू कराया गया.
फायर डिपार्टमेंट के अधिकारियों का कहना है कि आग को आगे फैलने से रोक लिया गया. लेकिन ट्रक का केबिन और उसमें रखा सामान पूरी तरह जल गया. फिलहाल आग लगने की वजह की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि खाना बनाते समय आग भड़की और देखते ही देखते पूरे केबिन में फैल गई.