scorecardresearch
 

50 लाख की बैंक लूट का खुलासा! पटना जेल में बैठा मास्टरमाइंड, यूपी से दबोचे गए दो शातिर लुटेरे

पटना जेल में बंद मास्टरमाइंड के इशारे पर सूरत में 50 लाख की बैंक लूट की साजिश रची गई थी. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो खतरनाक गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
X
अयोध्या और गोंडा से हुई गिरफ्तारी.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)
अयोध्या और गोंडा से हुई गिरफ्तारी.(Photo: Sanjay Singh J Rathod/ITG)

सूरत के लंबे हनुमान रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में 27 अप्रैल को दिनदहाड़े हुई 50 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट ने पुलिस और बैंकिंग व्यवस्था को हिला दिया था. सात हथियारबंद लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में बैंक में घुसकर कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए. 

इस मामले में सूरत क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या और गोंडा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में शुभम कुमार उर्फ अजीत ठाकुर और विकास सिंह उर्फ अरुण कुमार सिंह शामिल हैं, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं.

यह भी पढ़ें: खूबसूरत पत्नी ने सोते समय पकड़ा हाथ, प्रेमी ने घोंट दिया गला... कोटा में रिटायर्ड फौजी की हत्या

लूट की यह घटना वराछा पुलिस थाना क्षेत्र में दोपहर करीब दो बजे हुई, जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था. पांच से अधिक हथियारबंद लुटेरे बैंक में घुसे और कर्मचारियों पर पिस्तौल तानकर उन्हें बंधक बना लिया. किसी भी तरह की सूचना बाहर न जा सके, इसके लिए कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए गए. इसके बाद कैश काउंटर और तिजोरी से करीब 50 लाख रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए.

Advertisement

घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और शहर के निकास द्वारों पर नाकाबंदी की गई, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिला.

जेल में बंद मास्टरमाइंड का खुलासा

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस लूट का मास्टरमाइंड कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत है, जो बिहार की आदर्श सेंट्रल जेल बेऊर (पटना) में बंद है. जेल में रहते हुए भी उसने अपनी गैंग से संपर्क बनाए रखा और बैंक लूट की योजना बनाई. कुंदन भगत पहले देहरादून में 14 करोड़ की रिलायंस ज्वेलरी लूट में भी शामिल रह चुका है.

जांच में यह भी सामने आया कि लुटेरे 50 लाख नहीं बल्कि 2 से 3 करोड़ रुपये लूटने के इरादे से बैंक पहुंचे थे. उनके पास पांच बड़े बैग थे और उन्होंने तिजोरी की चाबी भी मांगी, लेकिन कर्मचारी ने बताया कि चाबी मैनेजर के पास है. इसके बाद लुटेरों ने सामने मौजूद नकदी लूटकर भागने का फैसला किया.

सूरत

दो महीने तक की रेकी और तकनीकी जांच

लूट से पहले आरोपियों ने दो महीने तक सूरत के जहांगीरपुरा, रांदेर और वेडरोड क्षेत्रों में नकली आधार कार्ड से किराए के मकान लिए और बैंक की कई बार रेकी की. गैंग को अपने नेटवर्क पर इतना भरोसा था कि उन्होंने चेहरे भी नहीं ढके. लूट में देशी कट्टों का इस्तेमाल किया गया.

Advertisement

लूट के बाद आरोपी एनएच-48 के रास्ते ओलपाड क्षेत्र पहुंचे और कपासी गांव के पास खेत में मोटरसाइकिलें और बैग छोड़कर वाहन बदलकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए.

यूपी से गिरफ्तारी और बरामदगी

सूरत के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि सूरत क्राइम ब्रांच ने 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस से मुख्य आरोपी शुभम कुमार ठाकुर का पता लगाया. पुलिस ने उसे अयोध्या से गिरफ्तार किया, जहां वह एक आश्रम में छिपा था. उसके सहयोगी विकास सिंह को गोंडा से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस ने आरोपियों के पास से 93 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पूछताछ में अन्य आरोपियों की लोकेशन भी मिली है.

कई राज्यों में दबिश और आगे की कार्रवाई

इस हाई-प्रोफाइल लूट को सुलझाने के लिए सूरत पुलिस की चार टीमें उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा में दबिश दे रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि 24 से 48 घंटे में बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

सूरत पुलिस अब कुंदन भगत को ट्रांसफर वारंट पर जेल से लाने की तैयारी कर रही है ताकि लूटी गई शेष राशि बरामद की जा सके. पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत के अनुसार जांच तेजी से जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement