गुजरात के दाहोद जिले में रविवार को एक प्रेमी जोड़े की मौत से हड़कंप मच गया. सिंगवद तालुका के हीरापुर गांव के जंगल क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी और 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर Instagram Live के दौरान जान दे दी. लाइव स्ट्रीम देख रहे करीब 50 लोग यह देखकर सन्न रह गए. घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.
रणधीकपुर पुलिस के अधिकारी शैलेश बारिया के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम संबंध था. युवक कुछ दिन पहले किशोरी को अपने माता-पिता से मिलाने ले गया था और शादी की अनुमति मांगी थी. आरोप है कि परिवार ने इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी, क्योंकि दोनों का गोत्र और सरनेम एक ही था.
यह भी पढ़ें: गुजरात के दाहोद में महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन खड़े ट्रक से भिड़ी, 4 की मौत, 8 घायल
बताया गया कि परिवार की असहमति के बाद दोनों परेशान थे. लिमखेड़ा तालुका के रहने वाले युवक-युवती रविवार सुबह करीब 10 बजे सिंगवद तालुका के हीरापुर गांव के जंगल इलाके में पहुंचे. वहां युवक ने Instagram Live शुरू किया. इसके बाद दोनों की मौत हो गई.
Instagram Live पर दिखा पूरा घटनाक्रम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को नीचे उतरवाया. इस पूरी घटना की लाइव स्ट्रीमिंग होने के कारण वीडियो दाहोद जिले में तेजी से प्रसारित होने लगा. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
रणधीकपुर पुलिस ने मामले में AD दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. परिवार की ओर से सामने आई जानकारी और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है.
घटना ने सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग और युवाओं की मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी और परिवार की असहमति का इस घटनाक्रम पर क्या असर पड़ा.