दिल्ली का पॉश, भीड़ भरा और दिलचस्प चीजों की निगहबानी करने वाला कनाट प्लेस बीते दिनों पहली नजर में एक अजीब और अश्लील सी दिखती हरकत का गवाह बना.
यहां घूम रही एक लड़की ने अचानक से अपना गाउन लोगों के सामने खोल दिया. जाहिर है कि गुजरने वाले इस हरकत से चौंक गए. यह हरकत उस लड़की ने और भी जगहों पर दोहराई. मगर इसका एक नेक मकसद था.
गाउन खोलने वाली लड़की का नाम अनुष्का है. वह आम जनता को
ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूक करना चाहती थी. इसके लिए उसने एक टीशर्ट पहनी. इस पर अंग्रेजी भाषा में लिखा था- ‘बिग और स्मॉल, सेव देम ऑल’. साथ
में ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ लड़ाई का पर्याय बन चुका प्रतीक गुलाबी रंग का रिबन भी बना था. और इस टीशर्ट के ऊपर उसने गाउन पहना.
वह सार्वजनिक
जगहों पर अचानक अपना गाउन खोल देती. लोग चौंकते, फिर देखते और उन्हें ये मैसेज नजर आता. संदेश साफ था. हर औरत को और उस औरत की फिक्र
करने वाले हर पुरुष को भी ब्रेस्ट कैंसर के प्रति सचेत होना होगा. और इसके लिए जानकारी, बचाव, इलाज और हर मुमकिन सहायता, सहयोग जरूरी है.
अक्टूबर के महीने को ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस मंथ के तौर पर मनाया जा रहा है. उसी क्रम में इस लड़की ने यह वीडियो बनाया. वीडियो फेसबुक पर वायरल हो गया है. इसे यू ट्यूब पर भी 17 लाख से ज्यादा हिट मिल चुके हैं.
हालांकि वीडियो पर लिखे कमेंट्स पर गौर करें तो इसे बहुत सराहनीय नहीं कहा जा सकता. कई लोगों का कहना है कि बिना गाउन खोलने का स्टंट किए भी ब्रेस्ट कैंसर पर जागरूक किया जा सकता है. वहीं कुछ यौन कुंठित लोगों ने यह भी लिखा कि ओह, मैं तो कुछ और ही देखने की उम्मीद कर रहा था.
देखें गाउन खोल एक्ट वाला वीडियो