रिमझिम बारिश के बीच राजधानी दिल्ली में ऐसा लगता है जैसे हीटवेव फुर्र हो गई है. अभी कुछ दिन पहले तक जिस दिल्ली में गर्मी की वजह से लोगों का हाल बुरा था आजकल वहां पर नजारा पहले से बिलकुल उलट हो चुका है. मौसम ने कुछ ऐसा गजब बदलाव हुआ है मानो किसी ने जादू कर दिया हो.
दरअसल मई का महीना इस बार जितना ठंडा रहा है उतना ही गरम जून के महीने में शुरुआती 10 दिन. जून की शुरुआत में गर्मी ने उत्तर भारत में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़े तो वहीं मॉनसून की शुरुआत काफी कमजोर रही. ऐसे में अरब सागर में नौनाक साइक्लोन का बनना मॉनसून को और कमजोर कर गया लेकिन उत्तर भारत में नमी भरी हवाएं भेजकर इस साइक्लोन ने गरमी को एकदम खत्म कर दिया और इसकी जगह ले ली बादलों ने.
मौसम विभाग के डायरेक्टर एम दुरैस्वामी का कहना है कि अरब सागर से आई नम हवाओं ने पूरे उत्तर भारत में मौसम बदल कर रख दिया है. ये स्थिति 21 जून तक बनी रहेगी. यानी बादलों की आवाजाही के बीच दिल्ली समेत उत्तर भारत के तमाम इलाकों में रुक-रुककर बारिश.
मौसम के जानकारों का कहना है देखने में तो ये बारिश एकदम मॉनसून जैसी लग रही है लेकिन अभी उत्तर भारत में मॉनसून नहीं पहुंचा है. कमजोर मॉनसून का पूर्वानुमान मौसम विभाग पहले ही कर चुका है. ऐसे में उत्तर भारत में जिस तरह का मौसम देखा जा रहा है उसको इसका संकेत माना जा सकता है. यानी उत्तर भारत में इस बार इतनी गरमी नहीं पड़ेगी जो मॉनसून के बादलों पानी से लबालब कर दे.