सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में भूख हड़ताल पर बैठे हैं. 22 दिन से जारी इस प्रदर्शन में वांगचुक 28 जून को शामिल हुए थे और उनके अनिश्चितकालीन अनशन को अब 15 दिन हो गए हैं. इस बीच उन्होंने खुद को 'आधुनिक गांधी' या कोई हीरो मानने से साफ इनकार कर दिया है.
वांगचुक ने लोगों से अपील की कि वो देश को बदलने के लिए किसी दूसरे नेता या मसीहा का इंतजार न करें, बल्कि खुद एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे आएं. भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक कहा, 'मैं कोई हीरो नहीं, बल्कि सिर्फ एक आम नागरिक हूं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वांगचुक ने अपना हेल्थ अपडेट शेयर किया. उन्होंने कहा, 'आज मेरे उपवास का 13वां दिन है. मैं कल जितना ऊर्जावान महसूस नहीं कर रहा हूं और थोड़ी थकान है. ऐसा होता है, कुछ दिन अच्छे होते हैं और कुछ दिन नहीं.'
'खुद अपनी जिंदगी के हीरो बनें'
सोशल मीडिया पर मिल रहे समर्थन के लिए लोगों का आभार जताते हुए वांगचुक ने कहा, टकई लोग मुझे 21वीं सदी का गांधी या आधुनिक गांधी कह रहे हैं. कुछ लोग मुझे हीरो बुलाते हैं. इन बातों से मुझे असहजता होती है. मैं न तो गांधी हूं और न ही कोई हीरो. मैं सिर्फ एक आम नागरिक हूं, जिसने अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की कोशिश की है.'
उन्होंने लोगों से अपील की, 'प्लीज किसी दूसरे में हीरो न ढूंढें. अपनी जिंदगी के हीरो खुद बनें और एक नागरिक के तौर अपने फर्ज को पूरा करें.'
20 जुलाई को संसद मार्च की अपील
परीक्षाओं में धांधली के कारण छात्रों की आत्महत्याओं पर दुख जताते हुए वांगचुक ने कहा, 'अगर उन छात्रों में से कोई आपकी बहन या बेटी होती, तो आप आज हमारे साथ होते. उस स्थिति का इंतजार न करें. अगर आप रोज नहीं आ सकते, तो कम से कम एक दिन के लिए जंतर-मंतर जरूर आएं. जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वो जहां हैं वहीं उपवास रखें और अपना मैसेज शेयर करें.'
वांगचुक ने आगामी 20 जुलाई को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा, 'आपको हमारी तरह 24 दिनों तक भूखा रहने की जरूरत नहीं है. आप खाना खाकर आएं, लेकिन अपनी जिम्मेदारी समझते हुए 20 जुलाई को हमारे साथ जुड़ें.'
यह भी पढ़ें: वांगचुक अनशन पर, कचौड़ी-नूडल्स खाते दिखे अभिजीत दीपके, ट्रोल हुए तो दी सफाई
बता दें कि 15 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही है. CJP के मुताबिक, भूख हड़ताल के कारण सोनम वांगचुक का वजन अब तक 7.5 किलोग्राम घट चुका है. शनिवार को उनका ब्लड प्रेशर 106/74 mm Hg रिकॉर्ड किया गया था.