scorecardresearch
 

दिल्ली: न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में घर में लगी भीषण आग, 5 बच्चों समेत 7 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, घायल डॉगी अस्पताल भेजा गया

दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में रविवार दोपहर एक मकान की पहली मंजिल पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पांच बच्चों, दो महिलाओं और एक डॉगी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

Advertisement
X
5 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू.(Photo: Representational)
5 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू.(Photo: Representational)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साउथ ईस्ट जिले के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में रविवार दोपहर एक मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया. आग मकान की पहली मंजिल पर लगी थी. आग लगने की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया.

फायर विभाग को दोपहर करीब 3 बजकर 40 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी. शुरुआती जानकारी मिलते ही दमकल विभाग ने पानी के टैंकर, क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल और बल्क फायर टेंडर समेत कई संसाधनों को मौके पर रवाना किया.

यह भी पढ़ें: फायर सिस्टम जमीन पर है... नोएडा की हाई राइज बिल्डिंग्स में लगी आग कैसे बुझ पाएगी?

मौके पर पहुंची टीमों ने देखा कि मकान की पहली मंजिल से धुआं और आग निकल रही है. स्थिति को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया ताकि अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

5 बच्चों और 2 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया

अग्निशमन कर्मियों ने मकान की ऊपरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पांच बच्चों और दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अधिकारियों के मुताबिक सभी लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

Advertisement

दिल्ली पुलिस ने बताया कि आग की घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद सोशल मीडिया और कुछ अन्य माध्यमों में एक बच्चे की मौत की खबरें सामने आई थीं, लेकिन पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताया.

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आग की घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है. सभी लोग सुरक्षित हैं और बच्चे की मौत से जुड़ी खबरें तथ्यात्मक रूप से गलत हैं.

घायल डॉगी को भी बचाया गया

रेस्क्यू अभियान के दौरान मकान के भीतर मौजूद एक डॉगी को भी बाहर निकाला गया. आग और धुएं की वजह से डॉगी घायल हो गया था. उसे तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया.

अधिकारियों के अनुसार घटना में केवल डॉगी के घायल होने की पुष्टि हुई है. इसके अलावा किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई है. रेस्क्यू टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

दमकल विभाग के अनुसार आग केवल मकान की पहली मंजिल तक सीमित रही. इसी वजह से समय रहते आग को नियंत्रित करना संभव हो सका और आग अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी.

5 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

Advertisement

आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल की कुल पांच गाड़ियां लगाई गईं. फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर काबू पाया. अधिकारियों के मुताबिक आग को शाम करीब 4 बजकर 5 मिनट पर पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया.

घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया. आग लगने की वजह से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा.

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके पीछे क्या कारण था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement