राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) पर यात्रियों को नशीली फ्रूटी पिलाकर लूटने वाले एक शातिर बदमाश को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले कई साल से इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था. सीसीटीवी फुटेज और फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई. आरोपी के पास से नशीली गोलियां, फ्रूटी के पैक और चोरी का सामान भी बरामद हुआ है.
आरोपी की पहचान फिलिप उर्फ विक्की के रूप में हुई है. आरोपी बस अड्डों पर दूसरे राज्यों से आए यात्रियों से दोस्ती करता था और फ्रूटी में नशीली गोलियां मिलाकर पिलाता था, जिससे पीड़ित बेहोश हो जाता था.
बेहोश होने के बाद आरोपी सोने की चेन, घड़ी, पर्स और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था.
जब्त की गईं संदिग्ध वस्तुएं
दिल्ली पुलिस ने CCTV फुटेज और FRS यानी फेस रिकॉग्निशन सिस्टम की मदद से आरोपी की पहचान की. आरोपी के पास से 4 फ्रूटी टेट्रा पैक, 30 लोराजेपाम की गोलियां, चोरी का पर्स, घड़ी और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद किए गए.
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले 21 साल से इसी तरीके से वारदात करता आ रहा था. उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में पहले से भी ऐसे 4 मामले दर्ज हैं.
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वह अब तक किन-किन लोगों को अपना शिकार बना चुका है.