दिल्ली में शनिवार को भी भीषण गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल रहा. हालांकि अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को 48.4 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई. मौसम विभाग के अनुसार, 'फील्स लाइक' यानी महसूस होने वाला तापमान वास्तविक तापमान से काफी अधिक दर्ज किया गया, जिससे दिनभर उमस और गर्मी का असर बना रहा.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक रहा. वहीं अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा है. पालम, लोधी रोड, रिज और आया नगर समेत अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई.
शनिवार तड़के दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन दिनभर बारिश नहीं हुई. इसके कारण गर्मी और उमस में कोई खास राहत नहीं मिल सकी. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
आईएमडी ने मंगलवार और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन दोनों दिनों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. अनुमान है कि बुधवार तक अधिकतम तापमान घटकर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.