दिल्ली में प्रदर्शन से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी गई है (Photo: PTI) दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन प्रस्तावित है और इससे पहले राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से मना कर दिया है. पुलिस ने 57 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद करने का अनुरोध किया था, जिसे DMRC ने स्वीकार कर दिया है. रेलवे के 5,000 से ज्यादा यात्री अपनी ट्रेन नहीं पकड़ सके और चिल्ला बॉर्डर पर BSF तैनात है. दूसरी ओर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव आयोग के खिलाफ सक्रिय हैं और राष्ट्रपति से मिलने की तैयारी में हैं.
अनुमति क्यों नहीं मिली? पुलिस के मुताबिक CJP का आवेदन 7 अक्टूबर को मिला, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को होना है. यानी आवेदन देने की तय समयसीमा का पालन नहीं हुआ. पुलिस ने पहले हुए प्रदर्शनों में नियमों के कथित उल्लंघन को भी फैसले की वजह बताया है. नई दिल्ली इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है. पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को पत्र लिखा है. इसमें 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया गया था. DMRC ने पुलिस के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रास्तों पर लगी पाबंदियों की वजह से 5,000 से ज्यादा यात्री अपनी ट्रेन नहीं पकड़ पाए. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली कुछ ट्रेनें रद्द होने की जानकारी भी सामने आई है.
राजनीतिक हलचल भी तेज है. इंडिया गठबंधन के नेता चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध और आगे की रणनीति तय करने में लगे हैं. विपक्षी दलों के 10 से ज्यादा नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने की तैयारी में हैं. इनमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कुछ नेताओं के नाम सामने आए हैं.
चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली और नोएडा पुलिस के साथ BSF के जवान तैनात किए गए हैं. रात 9 बजे से बॉर्डर सील करने की तैयारी की जानकारी भी मिली है.
दिल्ली में प्रदर्शन के चलते मेट्रो स्टेशन और ट्रेनें बंद किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सुरक्षा के इंतजाम करना सरकार का हक है, पर पूरा परिवहन बंद नहीं हो सकता. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि हालात सामान्य होने तक स्टेशन एहतियातन बंद हैं और सरकार निगरानी करेगी. कोर्ट ने बंद स्टेशनों की संख्या घटाने की बात कही.
याचिकाकर्ताओं ने बताया कि मेट्रो स्टेशन बंद हैं. वकील ने कहा कि पुलिस के संयुक्त आयुक्त (परिवहन) के निर्देश सार्वजनिक हैं, देखिए कितने स्टेशन बंद हैं.
सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि याचिकाकर्ताओं से आयोजकों को लाने को कहा गया था, ताकि कोर्ट प्रदर्शन की रूपरेखा जान सके. कपिल सिब्बल ने कहा कि वे आयोजक नहीं हैं. चीफ जस्टिस ने कहा कि आयोजकों के बिना बंदी पर चिंता और गहरी है, क्योंकि नोएडा, गुरुग्राम से लोग नौकरी और पढ़ाई के लिए आते हैं, और सबको मजबूरी में कार लेनी पड़ेगी.
सिब्बल ने कहा कि मुख्य स्टेशनों पर 11 से 1 के बीच आने वाली ट्रेनें शुरुआती स्टेशन से ही रद्द हैं. कोर्ट ने जारी संदेश पढ़ा, जिसमें बेकाबू भीड़ के संवेदनशील इलाकों की ओर जाने की आशंका बताकर फेरे घटाने और स्टेशनों के प्रवेश व निकास बंद करने की बात है. जस्टिस बागची ने कहा कि फेरे घटाकर फिर स्टेशन बंद करना उनके लिए मुश्किल है.
चीफ जस्टिस ने पूछा कि सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन भी बंद हुआ तो कोर्ट के काम का क्या होगा. वकीलों के पास गाड़ियां हैं, पर क्लर्क, स्टाफ और कैंटीन कर्मचारी कैसे आएंगे. उन्होंने कहा कि बेकाबू भीड़ या असामाजिक तत्वों का डर है तो सीसीटीवी जैसे दूसरे उपाय हो सकते हैं.
सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि स्थिति के हिसाब से फैसला होगा और वे सरकार से बात करेंगे. वकील हरिहरन ने कहा कि हर तरफ बैरिकेडिंग है और सड़कें भी रोकी गई हैं. चीफ जस्टिस ने कहा कि कोर्ट का जाना माना सिद्धांत है कि पाबंदी उतनी ही हो जितनी जरूरी है.
मेहता ने कहा कि यह न छपे कि कोर्ट ने सरकार पर हथौड़ा चलाने की बात कही, कुछ लोग बाहर जाकर ऐसा कहेंगे. चीफ जस्टिस ने कहा कि एहतियातन सरकार फैसले ले सकती है, कानून व्यवस्था उसका काम है, पर बच्चे और बुजुर्ग सफर करते हैं, आवाजाही न रुके.
इनपुट: अनीषा माथुर और संजय शर्मा
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 57 मेट्रो स्टेशनों को आज रात 9 बजे से बंद करने का फैसला लिया है. DMRC के मुताबिक, अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर पाबंदियां जारी रहेंगी.
इस फैसले का असर दिल्ली मेट्रो की कई लाइनों पर पड़ेगा. रेड लाइन के 9, येलो लाइन के 20, ब्लू लाइन के 8, वायलेट लाइन के 7, पिंक लाइन के 8 और मैजेंटा लाइन के 4 स्टेशन बंद रहेंगे. इसके अलावा शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन भी बंद रहेगा.
किस लाइन पर कितने स्टेशन बंद रहेंगे?
* रेड लाइन: 9 स्टेशन
* येलो लाइन: 20 स्टेशन
* ब्लू लाइन: 8 स्टेशन
* वायलेट लाइन: 7 स्टेशन
* पिंक लाइन: 8 स्टेशन
* मैजेंटा लाइन: 4 स्टेशन
* शिवाजी स्टेडियम स्टेशन: बंद रहेगा
दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. पुलिस ने कई बैरिकेड्स को लंबी जंजीरों से आपस में बांध दिया है, ताकि उन्हें एक साथ रखा जा सके.
दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन को लेकर नागरिकों को एक खुला खत जारी किया है, जिसमें उन्होंने इंसानियत और सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया है. पूरी खबर यहां क्लिक कर पढ़ें - दिल्ली पुलिस का खत
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली-NCR में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. गुरुग्राम में दिल्ली से सटे बॉर्डर, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. NH-48 के सहरौल बॉर्डर, पालम विहार, द्वारका बॉर्डर और कलियावास बॉर्डर पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, करीब 12 से 13 शरारती तत्वों की पहचान कर उन पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों से भी संपर्क कर छात्रों को गैर-कानूनी प्रदर्शनों में शामिल नहीं होने की सलाह दी है.
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन से पहले रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है. उत्तर मध्य रेलवे के मुताबिक, नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी ट्रैफिक जाम की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया है. रद्द की गई ट्रेनों में प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, श्रम शक्ति एक्सप्रेस और यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शामिल हैं. कुछ ट्रेनें 9 अक्टूबर और कुछ 10 अक्टूबर को रद्द रहेंगी. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन 139, NTES ऐप या आधिकारिक सूचना माध्यमों से ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है.
|
ट्रेन नंबर |
ट्रेन का नाम |
रद्द होने की तारीख |
|---|---|---|
|
12033 |
कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस |
10 अक्टूबर |
|
12417 |
प्रयागराज–नई दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस |
9 अक्टूबर |
|
12275 |
प्रयागराज–नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस |
9 अक्टूबर |
|
12451 |
कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली श्रम शक्ति एक्सप्रेस |
9 अक्टूबर |
|
12447 |
मानिकपुर–हजरत निजामुद्दीन यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस |
9 अक्टूबर |
|
14211 |
आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस |
10 अक्टूबर |
|
64151 |
अलीगढ़–दिल्ली मेमू |
9 अक्टूबर |
|
64107 |
दनकौर–दिल्ली ईएमयू |
9 अक्टूबर |
|
64113 |
खुर्जा–गाजियाबाद ईएमयू |
9 अक्टूबर |
|
64101 |
अलीगढ़–दिल्ली ईएमयू |
10 अक्टूबर |
|
64111 |
खुर्जा–शकूरबस्ती ईएमयू |
10 अक्टूबर |
|
64581 |
हाथरस किला–दिल्ली मेमू |
10 अक्टूबर |
|
64103 |
अलीगढ़–दिल्ली ईएमयू |
10 अक्टूबर |
|
64583 |
टुंडला–दिल्ली मेमू |
10 अक्टूबर |
|
64105 |
अलीगढ़–नई दिल्ली ईएमयू |
10 अक्टूबर |
|
64109 |
दनकौर–शकूरबस्ती ईएमयू |
10 अक्टूबर |
पिछले कई दिनों से विपक्ष का प्रदर्शन जारी है, प्रदर्शन के चलते दिल्ली के बाजारों पर इसका खासा असर देखने को मिल रहा है...प्रदर्शन के बीच दिल्ली के बाजारों का हाल, ग्राहक घटे या कारोबार पर पड़ा असर?
संवाददाता सुशांत मेहरा ने व्यापारियों से की खास बात और जाना हाल.
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से DMRC को 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया है. यह व्यवस्था 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक लागू करने का प्रस्ताव है. DMRC के फैसले, प्रभावित स्टेशनों और मेट्रो सेवाओं से जुड़े ताजा अपडेट यहां जानें - दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन आज रात से होंगे बंद? CJP प्रोटेस्ट से पहले सरकार अलर्ट
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि पार्टी की समीक्षा बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि कैसे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सरकार को फायदा पहुंचाते हुए लोगों के संवैधानिक अधिकार छीने. राजेश राम के मुताबिक, दिल्ली में हुई बैठक में SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ पांच अलग-अलग चरणों में प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में SIR से जुड़े मुद्दों और इसके खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा की गई.
दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेताओं की गतिविधियों पर सबकी नजर है. चुनाव आयोग के खिलाफ पिछले दिनों हुए प्रदर्शनों के बाद कांग्रेस के अगले कदम को लेकर हलचल तेज है. इंडिया गठबंधन के 10 से अधिक नेताओं का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सकता है. राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं के नाम सामने आए हैं. मुलाकात का एजेंडा, प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं के नाम और बैठक से जुड़ी जानकारी के लिए यहां बने रहें.
दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP प्रदर्शन को लेकर पुलिस अलर्ट पर है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए हैं.
दिल्ली में 10 अक्टूबर को संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन आने वाली 38 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. इन दोनों स्टेशनों के लिए आने वाली कुल 165 ट्रेनों में से 38 ट्रेनें रद्द की गई हैं. रेलवे के आदेश के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली उन सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था. रेलवे ने यह फैसला 10 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए लिया है.