आंध्र प्रदेश की जेल में बंद आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन के संस्थापक यासीन भटकल के बारे में एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है. बताया जाता है कि इस खूंखार आतंकी ने मोबाइल से अपनी पत्नी और मां से 27 बार बातचीत की है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा कि भटकल के सभी कॉल्स को रिकॉर्ड किया गया है. पुलिस उपमहानिरीक्षक (कारा) नरसिम्हा ने कहा कि इस साल फरवरी में न्यायालय के निर्देश पर भटकल को अपने परिजनों से बातचीत करने की सुविधा मिली थी. वह एक सप्ताह में दो बार पांच मिनट तक बात कर सकता था. से जेल के लैंडलाइन फोन पर बातचीत करने की इजाजत है.
अधिकारी ने यह बात मीडिया के एक धड़े में आ रही उन रिपोर्टो पर कही जिसके मुताबिक, भटकल ने अपनी पत्नी से कहा है कि वह दमिश्क की मदद से जल्द ही जेल से बाहर निकल जाएगा, जिससे इस आशंका को बल मिलता है कि भागने के लिए वह इस्लामिक स्टेट (आईएस) की मदद ले सकता है.
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भटकल की बातचीत को इंटरसेप्ट करने की बात कही है. पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि उन्हें एनआईए से कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन ऐहतियातन सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है. बताते चलें कि भटकल हैदराबाद के दिलसुखनगर में भी आरोपी है. वह फिलहाल चेरलापल्ली जेल में कैद है.
-इनपुट IANS से