scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशी में नाच रही महिला के घर पर चला बुलडोजर? नहीं, ये रही इस वीडियो की सच्चाई

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर खुशी मना रही महिला का घर नई सरकार ने बुलडोजर से गिरा दिया. आजतक के फैक्ट चेक में जाने इस दावे की सच्चाई.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये महिला पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत पर खुशी मना रही थी लेकिन अब राज्य की नई सरकार ने इसी का घर गिरवा दिया.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
पहला वीडियो बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशी मनाती मानसी हल्दर का है, जिनका घर एकदम सही-सलामत है. वहीं, दूसरा वीडियो दिल्ली में जून 2025 में चले अतिक्रमण विरोधी अभियान का है. 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कुछ लोग कह रहे हैं कि एक महिला जो बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशी मना रही थी, राज्य की नई सरकार ने उसी का घर गिरवा दिया.

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार ने सत्ता में आने के बाद से ही अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. हाल ही में हावड़ा रेलवे स्टेशन और सियालदाह रेलवे स्टेशन के बाहर ये अभियान चलाया गया. वहीं, कोलकाता के तिलजला इलाके में अतिक्रमण हटाने को लेकर वहां के स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच टकराव हुआ जिसमें 8 जवान घायल हो गए.

इसी संदर्भ में शेयर हो रहे इस वीडियो में एक के बाद एक दो क्लिप्स नजर आती हैं. पहली क्लिप में भगवा टीशर्ट पहने हुए और भगवा गुलाल लगाए हुए एक महिला मजेदार स्टाइल में डांस करती दिख रही है. वहीं, दूसरी क्लिप में टूटी-फूटी इमारतों के बीच खड़ी एक महिला रोते हुए कह रही है, "मोदी जी को आना ही नहीं चाहिए, बहुत बड़ी गलती कर दी हम लोगों ने सबने वोट दे के." कई लोगों का कहना है कि जो महिला बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशी में नाच रही थी, उसी का घर बीजेपी ने सत्ता में आने के बाद तुड़वा दिया. 

Advertisement

एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, "बंगाल में चुनाव के समय यह अंधभक्तीन खूब नाच नाच कर डांस कर रही थी बीजेपी के लिए, बीजेपी बंगाल जीती फिर बुलडोजर चला तो इस अंधभक्तीन का घर भी लपेटे में आ गया. अब कह रही है BJP को नहीं जीताना चाहिए था."

Fact Check 2nd

पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.  

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि दोनों क्लिप्स में दिख रही महिलाएं अलग-अलग हैं. पहली क्लिप बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की है जहां मानसी हल्दर नाम की बीजेपी समर्थक 4 मई को पार्टी की जीत के बाद खुशी मना रही थी. वहीं दूसरी क्लिप जून 2025 में दिल्ली के कालकाजी में चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान का है.

मानसी ने खुद वीडियो बनाकर आजतक को बताई सच्चाई

पहली क्लिप में गुलाबी रंग का एक मंदिर नजर आ रहा है. इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें पता लगा कि ये पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नतुनपल्ली, न्यूटाउन इलाके का राधा कृष्ण मंदिर है.

गूगल मैप्स पर भी इस मंदिर की तस्वीरें मौजूद हैं. साफ पता चलता है कि ये उसी मंदिर की तस्वीरें हैं जो वायरल वीडियो में नजर आ रहा है.

Fact Check 3rd

ज्यादा जानकारी के लिए हमने बंगाल बीजेपी के न्यूटाउन के मंडल अध्यक्ष प्रसून राहा से संपर्क किया. उन्होंने हमें बताया कि ये वीडियो न्यूटाउन का ही है और इसमें दिख रही महिला मानसी हल्दर नाम की बीजेपी समर्थक है जो 4 मई को चुनाव नतीजों के दिन बीजेपी की जीत की खुशी मनाते हुए डांस कर रही थीं. मानसी और उनके पति सुखरंजन हल्दर दोनों ही बीजेपी समर्थक हैं जो न्यूटाउन के विवेकानंदपल्ली इलाके में रहते हैं. प्रसून ने आजतक को एक वीडियो भी भेजा जिसमें वो और खुद मानसी हल्दर इस मामले को लेकर अपनी बात रख रहे हैं. मानसी इस वीडियो में अपने घर के सामने खड़ी होकर बता रही हैं कि उनका घर एकदम सही-सलामत है. ये वीडियो नीचे देखा जा सकता है.

Advertisement

राजारहाट न्यू टाउन निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी विधायक पीयूष कनौडिया ने हमें बताया कि नई सरकार के गठन के बाद से अब तक उनके इलाके में कोई बुलडोजर कार्रवाई नहीं हुई है.

दूसरी क्लिप की क्या कहानी है?

वहीं दूसरी क्लिप को रिवर्स सर्च करने से ये हमें 'बोले भारत' नाम के न्यूज आउटलेट की 12 जून, 2025 की रिपोर्ट में मिली. रोती हुई महिला वाला वीडियो इसी 10 मिनट 45 सेकेंड की रिपोर्ट से लिया गया है. ये रिपोर्ट दिल्ली के कालकाजी में हुई डीडीए की बुलडोजर कार्रवाई से संबंधित है.

वीडियो में महिला भगवान की मूर्ति पकड़कर खड़ी है और कह रही है कि बीजेपी के राज में मंदिर तोड़े जा रहे हैं. वहां मौजूद दूसरे लोग भी रिपोर्टर से बातचीत के दौरान अपना घर तोड़े जाने पर दुख जाहिर कर रहे हैं. साथ ही, ये भी कह रहे हैं कि अब वो कभी बीजेपी को वोट नहीं देंगे.

इस वीडियो को उस वक्त कांग्रेस ने भी शेयर किया था और आरोप लगाया था कि बीजेपी सरकार के राज में दिल्ली में मंदिर भी तोड़ दिए गए.

इंडिया टीवी की 11 जून, 2025 की एक खबर के मुताबिक, कालकाजी के पास भूमिहीन कैंप इलाके में अवैध अतिक्रमण का ये मामला लगभग दस साल कोर्ट में चला था लेकिन झुग्गीवासियों को हाईकोर्ट से कोई राहत नहीं मिली थी. कोर्ट के आदेश के बाद ही ये अवैध निर्माण गिराए गए थे. इस दौरान 344 घर गिराए गए थे  जिनमें 1200 परिवार रहते थे.

Advertisement

साफ है, नए-पुराने वीडियो जोड़ कर ये कहा जा रहा है कि बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशी मना रही महिला का घर तोड़ दिया गया.  

(इनपुट: ऋद्धीश दत्ता)

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement